बरटांड स्थित जिला परिषद की दुकान संख्या – आर(1)9 को आज दंडाधिकारी, पुलिस फोर्स, नाजिर, अमिन व अन्य कर्मियों तथा अवैध कब्जाधारी की उपस्थिति में कब्जा मुक्त कर दुकान को सील कर दिया गया।
इसकी विस्तृत जानकारी देते हुए उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला परिषद, श्री सादात अनवर ने बताया कि बरटांड स्थित जिला परिषद की दुकान संख्या – आर(1)9 श्रीमती शोभा देवी / शोभा कुमारी, पिता – स्व रामचन्द्र बाउरी, ग्राम – सांगामहुल, पो मुगमा, थाना – निरसा, जिला – धनबाद को आवंटित किया गया था।
श्रीमती शोभा देवी ने एक आवेदन देकर सूचित किया कि वर्तमान में उक्त दुकान को गैर कानूनी रूप से श्री अर्जुन कुमार पिता – लक्ष्मण प्रसाद, पता – हाउसिंग कॉलोनी, धनबाद द्वारा अवैध कब्जा कर दुकान का संचालन किया जा रहा है। उन्होंने उक्त दुकान को अवैध कब्जा मुक्त करने के लिए अनुरोध किया।
इसके बाद दोनों पक्षों को नोटिस निर्गत कर अपना पक्ष रखने के लिए निर्देशित किया गया। इस क्रम में विभिन्न तिथियों को मामले की सुनवाई की गई। सुनवाई के दरम्यान श्रीमती शोभा देवी द्वारा निर्धारित तिथि को उपस्थित होकर अपना पक्ष प्रस्तुत करते हुए कागजात समर्पित किया गया, परन्तु श्री अर्जुन कुमार न तो सुनवाई की निर्धारित तिथि में उपस्थित हुए और न ही उनके द्वारा उक्त दुकान आवंटन से संबंधित जिला परिषद कार्यालय द्वारा उनके नाम से निर्गत दुकान आवंटन संबंधित कोई वैद्य कागजात प्रस्तुत किया गया।
उप विकास आयुक्त ने बताया कि 15 अक्तूबर 2024 को श्री थानेश्वर प्रसाद गुप्ता ने एक आवेदन देकर सूचित किया कि जिला परिषद की दुकान संख्या – आर(1)9 उन्होंने श्री अर्जुन कुमार से पावर ऑफ एर्टीनी के माध्यम से प्राप्त किया है। बिना जिला परिषद कार्यालय की अनुमति से जिला परिषद स्वामित्व के अधीन कोई भी दुकान पावर ऑफ एर्टोनी के माध्यम से प्राप्त किया जाना नियम विरूद्ध तथा विधि विपरीत है।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिला परिषद के स्वामित्व वाली बरटांड तथा जिले के अन्य स्थानों पर स्थित दुकान को किसी अनाधिकृत व्यक्ति द्वारा कब्जा कर संचालन करने से जिला परिषद को राजस्व की क्षति हो रही है।
उन्होंने कहा कि दुकान पर अवैध कब्जा धारी को अपना पक्ष रखने का पर्याप्त समय दिया गया। परंतु वे दुकान आवंटन संबंधित कोई वैद्य कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। फलस्वरूप आज दुकान को कब्जा मुक्त कर सील कर दुकान की चाभी जिला परिषद कार्यालय को हस्तगत कराई गई।
उप विकास आयुक्त ने कहा कि जिला परिषद की दुकान पर अवैध कब्जा करने की सूचना मिलती रहती है। इससे जिला परिषद को राजस्व की क्षति हो रही है। अब ऐसे अवैध कब्जाधारियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध अभियान चलाकर सभी दुकानों को अवैध कब्जा से मुक्त कराया जाएगा।
मौके पर कार्यपालक दंडाधिकारी श्री रवींद्रनाथ ठाकुर, नाजीर श्री शंकर महतो, जिला परिषद के सहायक अभियंता श्री रोबिन कुमार मंडल, कनीय अभियंता श्री रामाकांत कुमार, अमीन श्री सतीश चंद्र महतो, सहायक श्री शिवराज निकुम तथा पुलिस बल के जवान मौजूद थे।
संवाददाता- गौरव
कुसुम न्यूज़ रिपोर्ट

