युवाओं को धर्म और अध्यात्म से जोड़ना हम सभी का कर्तव्य : उदय प्रताप सिंह
धनबाद: सहयोगीनगर सेक्टर-3 स्थित श्री श्री विश्वनाथ महादेव काली पूजा कमेटी की ओर से काली पूजा के दूसरे दिन सोमवार को भव्य भोग-भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर श्रीराम सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह, राजू सिंह एवं सुदिष्ट कुमार को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
मौके पर उदय प्रताप सिंह ने कहा कि मां काली का भोग दिव्य प्रसाद के रूप में विशेष महत्व रखता है। यह न केवल भक्तों को आध्यात्मिक संतुष्टि प्रदान करता है, बल्कि मन में सकारात्मक ऊर्जा और धार्मिक चेतना का संचार भी करता है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक एवं धार्मिक जड़ों से जोड़ने में ऐसे धार्मिक आयोजनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में युवाओं को धर्म और अध्यात्म के प्रति जागरूक करना हम सभी का महत्वपूर्ण दायित्व है। इसके लिए केवल उपदेश देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यावहारिक प्रयासों के माध्यम से उन्हें अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ना होगा।
कार्यक्रम में मंदिर समिति के सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। आयोजन को सफल बनाने में समिति के राजेश कुमार, केदार नायक, पंकज कुमार, शंभू शरण सिन्हा, अंशु कुमार, अनिल कुमार, निशांत श्रीवास्तव, तपन कुमार सेन, अभिजीत पाल, युगांतर चंद्रा एवं सन्नी ने सक्रिय भूमिका निभाई। समिति के सदस्य पूरे उत्साह के साथ श्रद्धालुओं की सेवा और भोग-भंडारे की व्यवस्था में जुटे रहे।