दामोदर नदी में लापता युवती की तलाश में NDRF, रांची से पहुंची टीम ने शुरू किया सर्च ऑपरेशन

Share This News

नमस्कार, स्वागत है आप सभी का कुसुम न्यूज़ में।

धनबाद के झरिया स्थित सुदामडीह थाना क्षेत्र के अमलाबाद में दामोदर नदी में लापता हुई युवती सोनाक्षी कुमारी की तलाश के लिए शनिवार को रांची से NDRF की टीम पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। नदी में तेज बहाव और गहराई को देखते हुए NDRF के जवान आधुनिक उपकरणों की मदद से संभावित स्थानों पर युवती की तलाश कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि सोनाक्षी कुमारी आरा से लोदना स्थित अपनी नानी के घर आई थी और शुक्रवार को जीउतिया पर्व के अवसर पर परिवार के सदस्यों के साथ अमलाबाद स्थित दामोदर नदी पहुंची थी। इसी दौरान सोनाक्षी अचानक नदी के गहरे पानी में चली गई और तेज बहाव की चपेट में आ गई। युवती को डूबता देखकर उसके मामा अमन उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों के डूबने की स्थिति बन गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अमन को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया, लेकिन सोनाक्षी तेज धारा में बह गई। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने काफी तलाश की, लेकिन युवती का कोई सुराग नहीं मिला। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। युवती की तलाश को लेकर आक्रोशित लोगों ने बिरसा पुल को भी जाम कर दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस-प्रशासन की ओर से भटिंडा फॉल से प्रशिक्षित गोताखोरों को बुलाया गया, जिन्होंने नदी में काफी देर तक तलाश की, लेकिन सोनाक्षी का पता नहीं चल सका। गोताखोरों के प्रयास के बाद अब NDRF की टीम ने सर्च ऑपरेशन की कमान संभाली है। टीम नदी के अलग-अलग हिस्सों में लगातार तलाशी अभियान चला रही है और आधुनिक उपकरणों की मदद से संभावित स्थानों को खंगाला जा रहा है। फिलहाल युवती का कोई सुराग नहीं मिला है, वहीं उसके मिलने की उम्मीद में परिजन नदी किनारे डटे हुए हैं और NDRF के अभियान पर नजर बनाए हुए हैं। देखते रहिए Kusum News।

कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर

Leave a comment