सरायकेला में NH-33 पर बड़ा हादसा, झाबरी गांव के पास पलटी शिवम बस; कई यात्री घायल

Share This News

कुसुम न्यूज़ में आपका स्वागत है।

सरायकेला से इस वक्त की बड़ी खबर है, जहां चौका थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-33 यानी NH-33 पर शनिवार तड़के एक बड़ा बस हादसा हो गया। कोलकाता से रांची जा रही शिवम बस झाबरी गांव के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 25 से 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कई यात्रियों को चोटें आई हैं, जबकि तीन यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा शनिवार सुबह करीब चार बजे हुआ, उस समय ज्यादातर यात्री बस में सो रहे थे। अचानक बस के पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस पलटने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस की मदद की। सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की सहायता से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां गंभीर रूप से घायल यात्रियों समेत अन्य चोटिल लोगों का इलाज कराया जा रहा है। हादसे के बाद NH-33 पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को सड़क से हटवाकर आवागमन सामान्य कराया। फिलहाल बस के अनियंत्रित होने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है और पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। कुसुम न्यूज़ के लिए सरायकेला से यह पूरी खबर।

“कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर

Leave a comment