गांधी-शास्त्री जयंती पर प्रशासनिक अधिकारियों ने किया महापुरुषों को नमन

Share This News

सिटी सेंटर, गांधी सेवा सदन और खादी ग्रामोद्योग संघ में आयोजित हुआ श्रद्धांजलि कार्यक्रम

धनबाद: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की 122वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को धनबाद में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीडीसी सन्नी राज, एसडीएम, नगर आयुक्त, सिटी एसपी समेत अन्य वरीय पदाधिकारियों ने सिटी सेंटर स्थित महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की आदमकद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और दोनों महापुरुषों को नमन किया।
इसके बाद अधिकारियों ने गांधी सेवा सदन पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। यहां से सभी पदाधिकारी खादी ग्रामोद्योग संघ पहुंचे, जहां दोनों महापुरुषों की तस्वीर पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
इस अवसर पर डीडीसी सन्नी राज ने कहा कि 2 अक्टूबर देश के लिए विशेष महत्व का दिन है। इसी दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई जाती है। दोनों महापुरुषों का देश के स्वतंत्रता संग्राम और राष्ट्र निर्माण में अभूतपूर्व योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन एवं जिलेवासियों की ओर से दोनों महापुरुषों के चरणों में श्रद्धांजलि अर्पित की गई है।
उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने देश और समाज को सत्य एवं अहिंसा का मार्ग दिखाया, जबकि लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा की मिसाल कायम की। आज आवश्यकता है कि उनके आदर्शों एवं मूल्यों को अपने जीवन में उतारते हुए समाज और जिले को विकास के पथ पर आगे ले जाने का संकल्प लिया जाए। गांधी सेवा सदन में महात्मा गांधी को पुष्प अर्पण में बिजय झा, गोपाल जी, प्रो. एन के अंबस्ट समेत अन्य उपस्थित थे।

Leave a comment