पूर्व मध्य रेल में गांधी जयंती पर स्वच्छता शपथ, प्रभात फेरी और पौधरोपण

Share This News

पूर्व मध्य रेल में स्वच्छता शपथ के साथ निकली प्रभात फेरी, हुआ पौधरोपण

पटना, 2 अक्टूबर। पूर्व मध्य रेल में 1 से 15 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ के तहत गांधी जयंती और लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर पाटलिपुत्र रेल परिसर, दीघा में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान स्वच्छता शपथ, प्रभात फेरी और पौधरोपण कार्यक्रम हुआ। महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

स्काउट्स और RPF के जवानों ने लिया हिस्सा

कार्यक्रम में महाप्रबंधक ने अधिकारियों, कर्मचारियों सहित अन्य उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इसके बाद रेल परिसर में प्रभात फेरी और स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली गई। इसमें रेल अधिकारियों एवं उनके परिजनों के अलावा भारत स्काउट्स एंड गाइड्स और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम शामिल हुई। स्काउट्स की बैंड टीम तथा RPF की साइकिलिंग टीम ने भी लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

पौधरोपण के जरिए पर्यावरण संरक्षण का संदेश

प्रभात फेरी के समापन के बाद महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग ने रेल अधिकारियों के साथ पौधरोपण किया। इस मौके पर स्वच्छ एवं हरित रेल परिसर के साथ पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया गया। पूर्व मध्य रेल के विभिन्न मंडलों, स्टेशनों, कार्यालयों और रेलवे कॉलोनियों में भी स्वच्छता जागरूकता तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कई गतिविधियां आयोजित की गईं।

कार्यक्रम में अधिकारियों और उनके परिवारों की भागीदारी से ‘स्वच्छ रेल-स्वच्छ परिसर-स्वच्छ पर्यावरण’ के संदेश को आगे बढ़ाया गया। अधिकारियों ने स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

“कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर”

Leave a comment