नेशनल हाईवे टास्क फोर्स ने चलाया विशेष अभियान, सड़क किनारे वाहन खड़े करने वालों को दी गई चेतावनी
धनबाद, 1 अक्टूबर। जिले में सड़क किनारे बेतरतीब और अवैध तरीके से वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। उपायुक्त आदित्य रंजन के निर्देश पर नेशनल हाईवे टास्क फोर्स की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाते हुए कुल 70 वाहनों पर लगभग 7 लाख रुपये का चालान किया।
54 वाहनों पर 5 लाख, अन्य 16 पर 2 लाख का चालान
अभियान के दौरान सड़क किनारे नियमों के विरुद्ध वाहन खड़े करने के मामले में 54 वाहनों पर करीब 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, बरमसिया पुल और एफसीआई गोदाम के समीप सड़क किनारे खड़े 16 अन्य वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए लगभग 2 लाख रुपये का चालान काटा गया।
सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील
इस अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी, मोटरयान निरीक्षक अभय कुमार, शुभम कुमार और हरीश कुमार के साथ जिला सड़क सुरक्षा टीम, पुलिस बल तथा एनएचएआई की आरपीवी टीम के सदस्य शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने वाहन चालकों को सड़क किनारे अनधिकृत रूप से गाड़ियां खड़ी नहीं करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही, उन्हें यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
अधिकारियों के अनुसार, सड़क पर अवैध पार्किंग से यातायात व्यवस्था बाधित होती है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को देखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रखा जाएगा।
“कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर”