राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन; बीसीसीएल, डीजीएमएस, सरकार व जनप्रतिनिधियों के खिलाफ जताया आक्रोश
धनबाद: कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले बुधवार को धनबाद जिला मुख्यालय स्थित रणधीर वर्मा चौक पर भू-धंसान और अवैध कोयला उत्खनन के खिलाफ एकदिवसीय धरना दिया गया। धरने में कतरास एवं आसपास के भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। इस दौरान बीसीसीएल, डीजीएमएस, सरकार और जनप्रतिनिधियों के प्रति लोगों ने आक्रोश जताया।
धरने को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि कतरास और आसपास के कई क्षेत्रों में लगातार हो रहे भू-धंसान से लोगों के घर, जमीन, सड़क और जनजीवन प्रभावित हो रहे हैं। इसके बावजूद प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो रही है। वक्ताओं ने अवैध कोयला उत्खनन पर तत्काल प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
मोर्चा के नेताओं ने कहा कि भू-धंसान प्रभावित परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है। प्रभावित क्षेत्रों का वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराकर खतरे वाले स्थानों को चिह्नित करने, प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजे की व्यवस्था करने तथा अवैध उत्खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की गई।
धरने के बाद मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल ने धनबाद एसडीएम लोकेश बारंगे के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में भू-धंसान की समस्या का स्थायी समाधान, प्रभावित लोगों की सुरक्षा एवं पुनर्वास, अवैध कोयला उत्खनन पर रोक तथा जिम्मेदार विभागों की जवाबदेही तय करने समेत विभिन्न मांगें रखी गईं।
वक्ताओं ने चेतावनी दी कि प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को आगे और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कतरास की जनता के अधिकार और सुरक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
धरने में चुन्ना यादव, प्रकाश राम गुप्ता, प्रदीप पांडे, सुरेश केडिया, मनोज गुप्ता, विजय तुलस्यान, बलबीर सिंह, राजेश स्वर्णकार, दीपक अग्रवाल, कौशर खान, प्रमोद अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, सोनू अग्रवाल, सचिन चौधरी, पंकज गुप्ता, मोहित गोयल, राजकुमार अग्रवाल, मनोज ठाकुर, सुरेश शर्मा, रईस अहमद, बाबलू रावानी, किशोरी गुप्ता, राजू राम, प्रदीप गुप्ता, रतन कुमार शुक्ल, राजेश कुमार, मनोज कुमार गुप्ता, संतोष चौधरी, अरुण चौधरी, उमंग कुमार, अरुण तुलस्यान, अब्दुल समद अंसारी, विजय राधेश्याम, हरिओम कुमार, नन्दलाल कुमार, रामनाथ राय और सुनील कुमार समेत सैकड़ों की संख्या में मोर्चा के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता, स्थानीय नागरिक, दुकानदार एवं भू-धंसान प्रभावित क्षेत्रों के लोग मौजूद थे।
इस मौके पर अधिवक्ता संघ और धनबाद बुद्धिजीवी परिषद के सदस्यों ने भी कतरास बचाओ संघर्ष मोर्चा के आंदोलन को समर्थन दिया। अधिवक्ता नीतू रानी, अमित भगत, वाई.के. सिंह, अजय भगत, दिनेश केसरी, दीपक श्रीवास्तव, रंजीत चौबे, सपन सरकार और राजू प्रसाद अखोरी समेत दर्जनों अधिवक्ताओं ने धरने को संबोधित करते हुए अपनी बातें रखीं।