पाकुड़ से गुजरने वाली कई ट्रेनें रद्द और डायवर्ट, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Share This News

पाकुड़। पाकुड़ रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली करीब आधा दर्जन ट्रेनों के रद्द या डायवर्ट होने से यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। इसका सबसे ज्यादा असर पश्चिम बंगाल जाने वाले दैनिक यात्रियों पर पड़ा है। पाकुड़ जिले के हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा और सदर प्रखंड के ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में लोग इलाज, कामकाज और अन्य जरूरी कार्यों के लिए पश्चिम बंगाल जाते हैं। ट्रेनों के रद्द होने के बाद यात्रियों को टोटो और टेंपो जैसे वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। रेलवे के अनुसार, मालदा डिवीजन में सकरीगली और महाराजपुर के बीच गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से रेलवे ट्रैक की सुरक्षा से जुड़ा तटबंध कट गया है। इसके बाद प्रभावित हिस्से में मरम्मत और सुरक्षा कार्य चल रहा है, जिसके चलते ट्रेनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। मुख्य टिकट निरीक्षक अखिलेश चौबे ने बताया कि तटबंध कटने के कारण कुछ ट्रेनों को रद्द और कुछ को डायवर्ट किया गया है। बुधवार को पाकुड़ से अप लाइन में चलने वाली रामपुरहाट-पाकुड़ पैसेंजर, बर्दवान-साहिबगंज पैसेंजर, हावड़ा-साहिबगंज एक्सप्रेस और रामपुरहाट-साहिबगंज पैसेंजर समेत कई ट्रेनें रद्द रहीं। डाउन लाइन में भी साहिबगंज-बर्दवान पैसेंजर सहित कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित हुआ। वहीं गया-हावड़ा एक्सप्रेस का रूट भी बदला गया है। ट्रेनों के अचानक रद्द होने से स्टेशन पर यात्रियों को परेशानी हुई और उन्हें वैकल्पिक साधनों से सफर करना पड़ा। ग्रामीण यात्रियों का कहना है कि इससे समय के साथ यात्रा खर्च भी बढ़ रहा है। फिलहाल प्रभावित रेलखंड पर मरम्मत और सुरक्षा कार्य जारी है। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेनों का परिचालन पहले की तरह शुरू होने की उम्मीद है।

“कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की खबर”

Leave a comment