झारखंड के 87 पिकलबॉल खिलाड़ी राष्ट्रीय चैंपियनशिप के लिए केरल रवाना, बी. सुधीर ने बढ़ाया हौसला

Share This News

धनबाद: झारखंड के विभिन्न जिलों से चयनित 87 पिकलबॉल खिलाड़ी 10वीं नेशनल पिकलबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए मंगलवार को केरल के लिए रवाना हुए। कोच्चि, केरल में 2, 3 और 4 अक्टूबर को आयोजित होने वाली तीन दिवसीय राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

झारखंड की टीम में रांची, गोड्डा, सरायकेला, जमशेदपुर, धनबाद समेत राज्य के कई जिलों के खिलाड़ी शामिल हैं। ये खिलाड़ी हाल ही में 19 और 20 सितंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित पांचवीं झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप में अपने प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित हुए हैं।

धनबाद रेलवे स्टेशन पर खिलाड़ियों को विदाई देने के लिए झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के उपाध्यक्ष श्री बी. सुधीर पहुंचे। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

वहीं झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव श्री प्रभात कुमार सिन्हा भी खिलाड़ियों के साथ केरल जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के साथ रहकर उन्हें बेहतर मार्गदर्शन और सहयोग देना जरूरी है। उनका उद्देश्य राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड पिकलबॉल को और मजबूत पहचान दिलाना तथा खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।

इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में धनबाद पिकलबॉल एसोसिएशन के सचिव श्री गौरव कुमार भी मैदान पर उतरकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। वह राष्ट्रीय स्तर के मुकाबलों में हिस्सा लेते हुए झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे और खिलाड़ियों के साथ अपने अनुभव को भी साझा करेंगे।

बी. सुधीर, प्रभात कुमार सिन्हा और अन्य पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को पूरे आत्मविश्वास, अनुशासन और खेल भावना के साथ खेलने के लिए प्रेरित किया। खिलाड़ियों के केरल रवाना होने के दौरान अभिभावकों एवं पिकलबॉल से जुड़े लोगों में भी उत्साह देखने को मिला।

झारखंड के 87 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय मंच पर पहुंचना राज्य में पिकलबॉल के बढ़ते प्रभाव और खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी को दर्शाता है। सभी खिलाड़ी अब केरल में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर झारखंड का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।

Leave a comment