Breaking News

​​स्वच्छता ही सेवा’ अभियान: विश्व पर्यटन दिवस पर तोपचांची झील परिसर में चला विशेष स्वच्छता अभियान, दिया गया स्वच्छता का संदेश

Share This News

‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ पखवाड़े के तहत विश्व पर्यटन दिवस के पावन अवसर पर धनबाद जिला अंतर्गत प्रसिद्ध पर्यटन स्थल तोपचांची झील परिसर में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल संख्या-2, धनबाद के तत्वावधान में आयोजित किया गया।

​कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ प्रखंड विकास पदाधिकारी तोपचांची द्वारा किया गया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने हाथों में झाड़ू थामकर तोपचांची झील तट एवं आसपास के परिसर की साफ-सफाई की तथा पर्यटकों व स्थानीय लोगों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया।

विश्व पर्यटन दिवस एवं स्वच्छता अभियान के उपलक्ष्य में गोमो बालिका विद्यालय में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को बीडीओ द्वारा प्रशस्ति एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने छात्राओं के उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्वच्छता का दूत बनने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी पदाधिकारियों, कर्मचारियों, स्कूली शिक्षकों, जल सहियाओं और ग्रामीणों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई। सभी ने अपने दैनिक जीवन में स्वच्छता अपनाने, एकल-उपयोग प्लास्टिक का बहिष्कार करने तथा जल स्रोतों व सार्वजनिक पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
​
इस स्वच्छता अभियान में मुख्य रूप से जिला परिषद सदस्य, गोमो बालिका विद्यालय के प्रधानाध्यापक, नमामि गंगे परियोजना के जिला परियोजना पदाधिकारी, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की जिला समन्वयक, जल जीवन मिशन के जिला समन्वयक, प्रखंड समन्वयक, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की जल सहियाएं, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। 

कुसुम न्यूज़ से सुंदर कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment