Breaking News

झारखंड में तेजी से बढ़ रहा पिकलबॉल का दायरा : बी. सुधीर

Share This News

खेलगांव में पांचवीं झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप का भव्य आगाज, धनबाद के 13 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

धनबाद/रांची। खेलगांव, रांची में शनिवार को पांचवीं झारखंड स्टेट पिकलबॉल चैंपियनशिप का भव्य आगाज हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता 19 और 20 सितंबर को आयोजित की जा रही है। इसमें झारखंड के विभिन्न जिलों से करीब 200 खिलाड़ी अलग-अलग आयु वर्गों में हिस्सा ले रहे हैं। धनबाद के 13 खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का उद्घाटन रांची नगर निगम की महापौर रोशनी खलको ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता की औपचारिक शुरुआत की गई। उद्घाटन समारोह में खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर झारखंड पिकलबॉल एसोसिएशन की ओर से मुख्य अतिथि महापौर रोशनी खलको का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। एसोसिएशन के सचिव प्रभात कुमार ने स्वागत भाषण में झारखंड में पिकलबॉल के बढ़ते दायरे, खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने तथा राज्य में इस खेल को मजबूत आधार देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बी. सुधीर ने कहा कि झारखंड में पिकलबॉल का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। राज्य के अलग-अलग जिलों से खिलाड़ियों की बढ़ती भागीदारी इसका प्रमाण है। उन्होंने कहा कि स्टेट चैंपियनशिप खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करा रही है।
उन्होंने बताया कि 10वीं नेशनल पिकलबॉल चैंपियनशिप अक्टूबर में केरल में आयोजित की जाएगी। इसके लिए झारखंड के खिलाड़ी पूरी तैयारी कर रहे हैं। स्टेट चैंपियनशिप में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
उद्घाटन समारोह में बी. सुधीर, प्रभात कुमार, ओंकार मिश्रा, संजय पांडेय, गौरव कुमार, मनोज तिवारी, मनजीत सिंह, भरत शाह, सुमित कुमार और धीरेश पारीख समेत आयोजन समिति एवं एसोसिएशन के पदाधिकारी, खिलाड़ी तथा गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a comment