शिक्षा से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ते कदम, पहला कदम में साझा हुआ बच्चों का परीक्षा परिणाम

Share This News

धनबाद:नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित जगजीवन नगर स्थित विशेष दिव्यांग स्कूल पहला कदम में शनिवार को पैरेंट्स-टीचर मीटिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान बच्चों के अर्धवार्षिक परीक्षा परिणाम अभिभावकों के साथ साझा किए गए तथा शिक्षकों ने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति एवं व्यक्तिगत विकास से संबंधित जानकारी दी। शिक्षकों ने अभिभावकों से बच्चों को नियमित अभ्यास और प्रोत्साहन देने की अपील की।

इस अवसर पर स्कूल के सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल भी उपस्थित रहे। स्कूल की सचिव श्रीमती अनिता अग्रवाल ने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर बनाना ही पहला कदम का मुख्य उद्देश्य है।
इसी अवसर पर जिला परिषद धनबाद अध्यक्ष शारदा सिंह ने पहला कदम के विशेष बच्चों के साथ अपना जन्मदिन सादगी और आत्मीयता के साथ मनाया। उन्होंने बच्चों के बीच समय बिताया और उनके साथ खुशियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों के साथ जन्मदिन मनाने का उद्देश्य उनके बीच खुशी बांटना और उनके जीवन में अपनी ओर से एक यादगार पल जोड़ना है।

शारदा सिंह ने पहला कदम द्वारा दिव्यांग बच्चों की शिक्षा, प्रशिक्षण, देखभाल एवं उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि संस्था बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर दे रही है, जो समाज के लिए प्रेरणादायक कार्य है।

इस दौरान बच्चों ने भी शारदा सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। स्कूल परिवार की ओर से उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।

Leave a comment