59 लाख करोड़ से अधिक की कुल संपत्ति, 55 लाख करोड़ से ज्यादा का निवेश : हेमंत मिश्रा
धनबाद। भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) ने 1 सितंबर 2026 को देश की सेवा के 70 वर्ष पूरे कर 71वें वर्ष में प्रवेश किया। इस अवसर पर एलआईसी गेस्ट हाउस में बीमा कर्मचारी संघ, हजारीबाग मंडल की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। संघ के मंडल अध्यक्ष हेमंत मिश्रा ने एलआईसी की सात दशक लंबी यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी दी।
हेमंत मिश्रा ने कहा कि वर्ष 1956 में लगाए गए एक छोटे पौधे के रूप में शुरू हुआ एलआईसी आज भारतीय वित्तीय क्षेत्र में एक विशाल बरगद का रूप ले चुका है। सात दशकों की यह यात्रा देश के करोड़ों लोगों के विश्वास, सुरक्षा और सेवा की बेमिसाल कहानी है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान में एलआईसी की कुल संपत्ति 59 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। देश के विकास में एलआईसी की भूमिका का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि निगम ने अब तक 55 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश किया है। इसमें करीब 40 लाख करोड़ रुपये केंद्र और राज्य सरकारों की प्रतिभूतियों के साथ-साथ आवास, सिंचाई, सड़क और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में लगाए गए हैं।
मिश्रा ने कहा कि एलआईसी केवल बीमा क्षेत्र की मार्केट लीडर ही नहीं, बल्कि भारतीय इंश्योरेंस सेक्टर में एक महत्वपूर्ण ‘मार्केट मेकर’ के रूप में भी अपनी भूमिका निभा रही है। उन्होंने बताया कि पॉलिसीधारकों के लिए 59,726 करोड़ रुपये का रिकॉर्ड बोनस घोषित किया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 5.2 प्रतिशत अधिक है।
उन्होंने दावा किया कि एलआईसी करीब 99 प्रतिशत दावों का निपटारा करती है और दावा निपटान के क्षेत्र में लंबे समय से विश्व स्तर पर अग्रणी रही है। पिछले वित्तीय वर्ष में निगम ने 253.91 लाख दावों का भुगतान किया। वहीं, एलआईसी का सॉल्वेंसी रेश्यो 2.35 गुना बताया गया।
हेमंत मिश्रा ने कहा कि 71वें स्थापना दिवस पर अखिल भारतीय बीमा कर्मचारी संघ एलआईसी की सुरक्षा और मजबूती के प्रति अपनी वैचारिक प्रतिबद्धता को दोहराता है। उन्होंने कहा कि एलआईसी ने सात दशकों से लाखों भारतीय परिवारों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
प्रेस वार्ता में संगठन सचिव अमित कुमार, सहायक सचिव सुबीर कुमार राम, राकेश कुमार, राहुल प्रसाद, संजय पाठक, रबींद्र दुबे, आशीष रंजन, अभिषेक कुमार, बासु बहादुर, जोगेश्वर राम, चंदन मैत्रा, राजीव साधु, अर्णब सिंह और रोहित बर्मन सहित अन्य उपस्थित थे।