वेल्डिंग मशीन फटने से तीन मजदूर झुलसे, सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप

Share This News

पाथरडीह( धनबाद): पाथरडीह कोल वाशरी में नई वाशरी निर्माण कार्य के दौरान गुरुवार, 20 अगस्त को सुबह करीब 9 बजे वेल्डिंग मशीन फटने से तीन मजदूर झुलस गए। घटना मेसर्स एसीबीआई लिमिटेड की नई वाशरी निर्माण परियोजना में स्ट्रक्चर निर्माण के दौरान हुई। बताया गया कि मेसर्स आरके कंस्ट्रक्शन द्वारा कार्यालय निर्माण का कार्य कराया जा रहा था।
घटना में मजदूर दिलीप यादव, अमर महतो और बद्री रवानी के झुलसने की सूचना है। बद्री रवानी का इलाज सीएचसी चासनाला में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल दिलीप यादव और अमर महतो को बेहतर इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेमोरियल कॉलेज एवं अस्पताल, धनबाद रेफर किए जाने की बात कही गई है।
जनता मजदूर संघ (बच्चा गुट) के पाथरडीह कोल वाशरी शाखा सचिव हरे मुरारी महतो ने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही थी। उन्होंने कहा कि मजदूरों को पहचान पत्र तक निर्गत नहीं किया गया है तथा पीएफ और ईएसआई की सुविधा भी उपलब्ध नहीं कराई गई है। मजदूरों को उचित मजदूरी नहीं मिलने का भी आरोप लगाया गया है।
हरे मुरारी महतो के अनुसार, मजदूरों की समस्याओं को लेकर संगठन की ओर से कई बार आरएलसी और प्रबंधन को लिखित आवेदन दिया गया, लेकिन अब तक आवश्यक कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि वाशरी के पीओ और संबंधित कंपनी की मिलीभगत के कारण मजदूरों का शोषण हो रहा है।
संगठन ने घटना के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि मजदूरों की सुरक्षा, पहचान पत्र, पीएफ, ईएसआई और उचित मजदूरी समेत अन्य मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो जनता मजदूर संघ (बच्चा गुट) पाथरडीह कोल वाशरी शाखा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

Leave a comment