विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने सौंपे आवेदन, संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
धनबाद समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने आमजनों की समस्याएं सुनीं तथा उनके समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनता दरबार में कतरास, राजगंज, तोपचांची, गोमो, गोविंदपुर, बाघमारा, बलियापुर, झरिया, बरवाअड्डा, निरसा सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं और शिकायतों को लेकर पहुंचे।
इस दौरान भूमि विवाद, जाली प्रमाण पत्र के आधार पर आंगनवाड़ी सेविका के पद पर बने रहने की शिकायत, मंदिर निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध, मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा, धोखाधड़ी, भूमि अधिग्रहण मुआवजा, अबुआ आवास योजना, जमीन अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास योजना, म्यूटेशन, वृद्धा पेंशन, विधवा पेंशन , सहित शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पारिवारिक मामले संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
उपायुक्त ने सभी आवेदनों का गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।