धनबाद :
जोड़ा फाटक स्थित पाटलीपुत्र अस्पताल में आर्थोपेडिक्स एवं जाइंट रिप्लेसमेंट विशेषज्ञ डा. निखिल ड्रोलिया ने डायरेक्ट एंटीरियर अप्रोच तकनीक से हिप रिप्लेसमेंट की सफल सर्जरी कर एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल के अनुसार, इस तकनीक से धनबाद में पहली बार हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी की गई है। चिरकुंडा निवासी 65 वर्षीय मो. अब्दुल अजीजशज खान 22 जून को साइकिल दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसमें उनके कुल्हे की हड्डी टूट गई थी। जांच के बाद हिप रिप्लेसमेंट की सलाह दी गई। डा. निखिल ड्रोलिया और उनकी टीम ने अत्याधुनिक डायरेक्ट एंटीरियर अप्रोच तकनीक से सफल आपरेशन किया। वर्तमान में मरीज की स्थिति संतोषजनक है और वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। डा. निखिल ड्रोलिया ने बताया कि यह कम आक्रामक (मिनिमली इनवेसिव) तकनीक है, जिसमें प्रमुख मांसपेशियों को काटना नहीं पड़ता। इससे आपरेशन के बाद दर्द कम होता है, मरीज जल्दी चलने-फिरने लगता है, अस्पताल में कम समय तक भर्ती रहना पड़ता है तथा हिप डिसलोकेशन का खतरा भी कम रहता है। इस तकनीक से मरीज सामान्य जीवन में शीघ्र लौट सकते हैं और पहले की तुलना में बैठने में भी अधिक सुविधा होती है।
उन्होंने बताया कि अब तक इस तरह की सर्जरी के लिए धनबाद और आसपास के मरीजों को दिल्ली, मुंबई या कोलकाता जाना पड़ता था, लेकिन अब यह सुविधा पाटलीपुत्र अस्पताल में उपलब्ध है। इससे मरीजों का समय और खर्च दोनों बचेंगे। अस्पताल के डायरेक्टर सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डा. निर्मल ड्रोलिया ने कहा कि पाटलीपुत्र अस्पताल आधुनिक तकनीक और अनुभवी विशेषज्ञों के माध्यम से धनबाद सहित पूरे झारखंड के लोगों को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।