सिंह मेंशन पहुंचे कोयला एवं खान राज्य मंत्री

Share This News

धनबाद दौरे पर पहुंचे केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे गुरुवार सुबह झरिया विधायक रागनी सिंह और धनबाद मेयर संजीव सिंह के आवास पहुंचकर औपचारिक मुलाकात की। सिंह मेंशन पहुंचने पर मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान क्षेत्र के विकास कार्यों, विस्थापन की समस्या और नगर निगम से जुड़े कई अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। मेयर संजीव सिंह ने मंत्री को बीसीसीएल होल्डिंग टैक्स से जुड़े कोर्ट में लंबित मामले की जानकारी देते हुए जल्द समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि बीसीसीएल का होल्डिंग टैक्स नगर निगम को प्राप्त होने लगे, तो शहर में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज होगी तथा मूलभूत सुविधाओं में सुधार आएगा।
वहीं झरिया विधायक रागनी सिंह ने धनबाद और झरिया क्षेत्र में विस्थापन की गंभीर समस्या को उठाते हुए JRDA के माध्यम से चल रहे कार्यों में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि हजारों विस्थापित परिवार बेहतर पुनर्वास की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
मंत्री सतीश चंद्र दुबे ने दोनों जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनता से जुड़े सभी मुद्दों के समाधान के लिए केंद्र स्तर पर सकारात्मक पहल की जाएगी।

Leave a comment