धनबाद। जिला भाजपा कमेटी की ओर से सोमवार को समाहरणालय पहुंचकर जिले में बिजली और पानी की समस्या को लेकर विशाल आक्रोश प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, धनबाद विधायक राज सिन्हा, झरिया विधायक रागिनी सिंह, जिला अध्यक्ष श्रवण राय सहित भाजपा के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सिर पर मिट्टी का मटका रखकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि पूरे प्रदेश में लोग बिजली और पानी की समस्या से परेशान हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति अधिक गंभीर है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी जल से नल योजना राज्य में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। उन्होंने कहा कि सरकार को जगाने के लिए यह प्रदर्शन किया गया है और यदि इसके बाद भी सरकार नहीं जागी तो भाजपा और बड़ा आंदोलन करेगी।
मीडिया से बातचीत के दौरान बाबूलाल मरांडी ने हाल ही में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान द्वारा जारी वीडियो का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वीडियो में धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक पर लगाए गए आरोपों की जांच NIA से कराई जानी चाहिए। उनका कहना था कि मामला गंभीर है और इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
वहीं विधायक राज सिन्हा ने कहा कि जो सरकार बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं दे सकती, उसे जनता जवाब देगी। झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि राज्य की जनता सिर्फ बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रही है, लेकिन सरकार उस पर भी ध्यान नहीं दे रही है।