पहला कदम में मदर्स डे भावनात्मक माहौल में मनाया गया

Share This News

धनबाद:नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित दिव्यांग बच्चों के स्कूल पहला कदम में शनिवार को मदर्स डे बड़े ही उत्साह, प्रेम और भावनात्मक माहौल के साथ मनाया गया। यह कार्यक्रम विशेष बच्चों एवं उनकी माताओं को समर्पित रहा। पहला कदम में ऐसे बच्चों को शिक्षा,संस्कार, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में निरंतर प्रोत्साहित किया जाता है, जिन्हें समाज में विशेष देखभाल और सहयोग की आवश्यकता होती है।मदर्स डे मां के प्रेम, त्याग, समर्पण और उनके अनमोल योगदान को सम्मान देने का दिन है। मां बच्चों के जीवन की पहली गुरु होती हैं, जो हर परिस्थिति में उनका सहारा बनती हैं। इसी भावना को सम्मान देने के उद्देश्य से कार्यक्रम आयोजित किया गया।इस अवसर पर सभी बच्चों की माताएं कार्यक्रम में शामिल हुईं। कार्यक्रम की शुरुआत माताओं को तिलक लगाकर एवं उनका सम्मान कर की गई, जिससे पूरा वातावरण भावुक और आत्मीय हो उठा। बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए तथा मनमोहक नृत्य से सभी का दिल जीत लिया। विशेष बच्चों ने अपनी माताओं के साथ मिलकर भावनात्मक डांस प्रस्तुति भी दी, जिसने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को भावुक कर दिया और पूरे माहौल को प्रेम व अपनत्व से भर दिया। बच्चों ने अपनी माताओं को अपने हाथों से बनाए गए ग्रीटिंग कार्ड भेंट कर उनके प्रति प्रेम और आभार व्यक्त किया। इन भावनात्मक पलों को देखकर कई माताएं भावुक हो गईं।कार्यक्रम में सुपरवाइजर कौशल अग्रवाल भी उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों का उत्साहवर्धन किया तथा ऐसे आयोजनों को बच्चों के मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।संस्थान की सचिव अनीता अग्रवाल ने कहा कि विशेष बच्चों में अद्भुत प्रतिभा और क्षमता होती है, जरूरत केवल उन्हें सही मार्गदर्शन, प्रेम और अवसर देने की होती है। उन्होंने कहा कि पहला कदम हमेशा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए कार्य करता रहेगा।कार्यक्रम के दौरान खुशी, तालियों और भावनाओं से पूरा परिसर गूंज उठा। अंत में सभी माताओं एवं उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Leave a comment