विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मुफ्त जांच और रक्तदान से जीवन बचाने की पहल—25 अप्रैल को शक्ति मंदिर में जुटेगा जनसैलाब
धनबाद के शक्ति मंदिर, जोड़ा फाटक में 25 अप्रैल 2026 को सेवा, समर्पण और स्वास्थ्य का एक भव्य संगम देखने को मिलेगा। जनता मजदूर संघ और एशियन जालान हॉस्पिटल के संयुक्त प्रयास से निःशुल्क मेगा हेल्थ कैंप के साथ एक विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन न सिर्फ स्वास्थ्य सेवाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास है बल्कि मानवता की सेवा का भी एक प्रेरणादायक उदाहरण बनने जा रहा है।
शनिवार को शक्ति मंदिर परिसर में सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक चलने वाले इस मेगा कैंप में क्षेत्र के लोगों को कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। अनुभवी और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा विभिन्न बीमारियों की जांच की जाएगी जिससे लोगों को समय रहते अपनी सेहत के बारे में जानकारी मिल सके। कैंप में ब्लड प्रेशर (BP), रैंडम ब्लड शुगर (RBS), ईसीजी (ECG), पल्स, ऑक्सीजन सैचुरेशन और वजन जैसी जरूरी जांचें मुफ्त की जाएंगी।
इसके अलावा इस कैंप में अलग-अलग क्षेत्रों के विशेषज्ञ डॉक्टर भी मौजूद रहेंगे जो मरीजों को बेहतर परामर्श देंगे। इनमें न्यूरोलॉजिस्ट (नसों के विशेषज्ञ), पीडियाट्रिशियन (बच्चों के डॉक्टर), गायनेकोलॉजिस्ट (महिला रोग विशेषज्ञ), ईएनटी (नाक, कान, गला विशेषज्ञ), कार्डियक कंसल्टेशन (हृदय रोग विशेषज्ञ) और पल्मोनरी कंसल्टेशन (फेफड़ों के रोग विशेषज्ञ) शामिल हैं। इससे लोगों को एक ही स्थान पर कई तरह की चिकित्सा सलाह और सेवाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम की आयोजक मिनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि जनता मजदूर संघ और एशियन जालान हॉस्पिटल के संयुक्त प्रयास से इस आयोजन का सबसे महत्वपूर्ण और मानवीय पहलू है विशाल रक्तदान शिविर। आयोजकों ने लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में आकर रक्तदान करें क्योंकि “आपका एक यूनिट रक्त किसी के लिए नई जिंदगी का कारण बन सकता है।” रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों की जान बचाता है, बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करता है।
कैंप में भाग लेने वाले लोगों के लिए विशेष लाभ भी तय किए गए हैं। जो लोग यहां जांच कराएंगे उन्हें आगे की गहन जांच के लिए एशियन जालान हॉस्पिटल में डॉक्टरों की कंसल्टेशन फीस पर 50% की छूट दी जाएगी। इसके साथ ही अस्पताल की कई विशेष जांचों और सेवाओं पर भी 20% तक का अतिरिक्त डिस्काउंट भी मिलेगा जिससे लोगों को बेहतर इलाज सस्ती दरों पर मिल सके।
मिनी सिद्धार्थ गौतम का कहना है कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य सिर्फ इलाज करना नहीं बल्कि लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना और समाज में सेवा की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने क्षेत्र के सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने परिवार और परिचितों के साथ इस मेगा हेल्थ कैंप और रक्तदान शिविर में शामिल हों और इस नेक पहल को सफल बनाएं।