झरिया में भू-धंसान से कई घर क्षतिग्रस्त, BCCL के खिलाफ लोगों का आक्रोश

Share This News

धनबाद के झरिया धर्म नगर, चौथाई कुली इलाके में बीसीसीएल की कथित लापरवाही के कारण भू-धंसान की बड़ी घटना सामने आई है। इस हादसे में कई घरों में दरार पड़ गई, जबकि कुछ घर आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गए। कई मकान जमीन में धंस गए, दीवारें फट गईं और छतें हवा में लटकती नजर आईं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना के बाद स्थानीय लोग काफी आक्रोशित हो गए और बीसीसीएल एरिया-9 के जीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप है कि लंबे समय से इलाके में खतरे की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन प्रबंधन ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया।

घटना के बाद बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय लोगों के बीच वार्ता भी हुई। बीसीसीएल की ओर से प्रभावित परिवारों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत बसाने की बात कही गई, लेकिन ग्रामीणों ने कर्माटांड़ में पुनर्वास की मांग रखी है।

फिलहाल किसी ठोस निर्णय पर सहमति नहीं बन पाई है, जिसके कारण प्रभावित लोग अब भी अपने-अपने स्थान पर डटे हुए हैं और सुरक्षित पुनर्वास की मांग कर रहे हैं।

पीड़ितों की ओर से झारखंड मुक्ति मोर्चा के स्थानीय नेताओं ने भी मोर्चा संभाला है। इस दौरान झरिया नगर अध्यक्ष फरीद मलिक, धनबाद महानगर उपाध्यक्ष मदन राम, युवा मोर्चा के संगठन सचिव शमशाद खान, जसिम अंसारी, अफरोज, असलम अंसारी समेत कई लोग मौजूद रहे।

फिलहाल हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और स्थानीय लोगों की नजर प्रशासन और बीसीसीएल के अगले कदम पर टिकी हुई है।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment