ऊर्जा मित्रों ने पोस्टकार्ड अभियान चलाकर मुख्यमंत्री को भेजी मांगें, मानदेय व नियोजन की उठाई मांग

Share This News

धनबाद। झारखंड राज्य ऊर्जा मित्र संघ की ओर से मंगलवार को धैया स्थित एक निजी रिसॉर्ट में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में ऊर्जा मित्र शामिल हुए और अपनी समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए पोस्टकार्ड अभियान चलाया गया। बैठक में उपस्थित ऊर्जा मित्रों को पोस्टकार्ड दिए गए, जिन्हें भरकर मुख्यमंत्री को भेजा जाएगा।

संघ के संस्थापक संतोष कुशवाहा ने बताया कि धनबाद जिले के लगभग 500 ऊर्जा मित्र इस अभियान के तहत पोस्टकार्ड के माध्यम से अपनी मांगें मुख्यमंत्री तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा मित्र लंबे समय से राज्य में काम कर रहे हैं, लेकिन उनका मानदेय पर्याप्त नहीं है और नियोजन की स्थिति भी स्पष्ट नहीं है। इसलिए वे मानदेय में सुधार और स्थायी नियोजन की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि पूरे झारखंड में करीब 6500 ऊर्जा मित्र कार्यरत हैं, जो बिजली विभाग के लिए लगातार काम कर रहे हैं। इसके बावजूद उनकी स्थिति दयनीय बनी हुई है। सरकार को इस पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।

संघ के सदस्य वैभव सिन्हा कहा कि विधानसभा में भी ऊर्जा मित्रों की समस्याएं उठाई जा रही हैं, जिससे उन्हें उम्मीद जगी है। उन्होंने कहा कि राज्यभर के ऊर्जा मित्र पोस्टकार्ड के जरिए अपनी समस्याएं सरकार तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि जल्द समाधान हो सके।

Leave a comment