धनबाद। सदर थाना क्षेत्र के बेकारबांध इलाके में गुरुवार को दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद मारपीट की घटना सामने आई है। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है। वहीं हिरासत में लिए गए युवक के साथी धनबाद थाना के बाहर पहुंचकर अपनी बात रख रहे हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पूरा मामला सिटी सेंटर स्थित स्टेट मार्ट में काम करने वाले डिलीवरी राइडर्स के बीच हुए विवाद से जुड़ा है। जानकारी के अनुसार बुधवार को दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसे बाद में शांत माना जा रहा था। लेकिन गुरुवार को यह विवाद फिर बढ़ गया और मारपीट हो गई, जिसमें दोनों पक्षों के युवकों को चोट आई है। दोनों तरफ से एक-एक युवक का सिर भी फटने की बात सामने आई है।
दूसरे पक्ष के युवक रॉबिन के दोस्त सोहेल ने बताया कि वे सभी जियो मार्ट में राइडर के रूप में काम करते हैं। बुधवार को हुई कहासुनी के बाद उन्हें लगा था कि मामला खत्म हो गया है। लेकिन गुरुवार को जब रॉबिन ऑर्डर की डिलीवरी देकर लौट रहा था, तब बेकारबांध के पास गौतम कुमार और उसके परिवार के लोगों ने उसे रोककर मारपीट की, जिससे उसका सिर फट गया।
वहीं राइडर कुणाल कुमार ने बताया कि सभी राइडर्स पर काम का काफी दबाव रहता है। उन्होंने कहा कि मारपीट के बाद जब रॉबिन आवेदन देने थाना पहुंचा तो पुलिस ने उसे ही रोक लिया और उनकी शिकायत भी दर्ज नहीं की गई। राइडर्स ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।