गाय के शुद्ध घी से बने रागी लड्डू का लगाएंगी स्टॉल
उपायुक्त ने सभी को दी शुभकामनाएं
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 13 मार्च से 15 मार्च तक रांची के खेल गांव में ग्रामीण उत्पाद प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इसमें हिस्सा लेने के लिए गोविंदपुर खरनी के कृषक उत्पादक संगठन “गोविन्दपुर किसान साथी प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड” (एफपीओ) से 25 महिलाएं आज रांची रवाना हुई। प्रदर्शनी में महिलाएं अन्नपूर्णीका – कोयलांचल की पौष्टिक मिठास, ब्रांड के तहत गाय के शुद्ध घी से बने रागी लड्डू का स्टाल लगाएंगी।
रांची रवाना होने से पहले उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने समाहरणालय के सभागार में सभी को शुभकामनाएं दी। उपायुक्त ने उत्पाद का ट्रेडमार्क करा लेने का सुझाव दिया। साथ में उत्पाद बिक्री के लिए धनबाद अंचल कार्यालय सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर स्थान उपलब्ध कराने को कहा। उत्पाद को और बेहतर बनाने के लिए उपायुक्त ने श्रेष्ठ क्वालिटी के मशीन व अन्य सामान देने का निर्देश जिला कृषि पदाधिकारी को दिया।
उपायुक्त ने कहा जिला प्रशासन की यह पहल ग्रामीण महिलाओं को न सिर्फ रोजगार दे रही है, बल्कि उनकी आय भी बढ़ा रही है और उन्हें आत्मनिर्भर भी बना रही है। ये पौष्टिक रागी लड्डू आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुँचकर समाज के बेहतर पोषण में भी योगदान देंगे। यह सैकड़ों किसानों और महिलाओं के जीवन में बदलाव ला रहा है।
वहीं डीएमएफटी पीएमयू के परियोजना प्रबंधक आजीविका और कौशल विकास श्री अमर कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि रागी लड्डू, रागी का आटा, शुद्ध घी, गुड़ और सूखे मेवे मिलाकर बड़े प्यार और मेहनत से बनाए जाते हैं। लड्डुओं में सिर्फ स्वाद ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, परंपरा और गाँव की मेहनत की मिठास भी घुल जाती है।
ग्रामीण उत्पाद प्रदर्शनी में हजारीबाग, बोकारो, सरायकेला खरसावां, गोड्डा, रामगढ़, गुमला, खूंटी, देवघर, लोहरदगा, पूर्वी सिंहभूम सहित अन्य जिलों के स्टॉल लगेंगे।
मौके पर उपायुक्त श्री आदित्य रंजन, जिला कृषि पदाधिकारी श्री अभिषेक मिश्रा, डीएमएफटी पीएमयू के श्री अमर कुमार श्रीवास्तव, एफपीओ के सीईओ श्री अब्दुल कयूम अंसारी, निदेशक श्री अनुपम मोदी, श्रीमती अंजना देवी, श्रीमती अंजलि देवी के अलावा अन्य सदस्य मौजूद थे।