धनबाद के सदर अस्पताल ने आज एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। अस्पताल के ऑर्थोपेडिक विभाग में पहली बार टोटल हिप रिप्लेसमेंट का सफल ऑपरेशन किया गया। इससे सदर अस्पताल ने एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
इसकी जानकारी देते हुए अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद ने बताया कि बैंक मोड़, रे टाकीज के पीछे रहने वाले मरीज बुद्धि शंकर (उम्र 32 वर्ष), पिता धर्मेंद्र राम, अहमदाबाद में एक दूध फैक्ट्री में कार्यरत थे। कार्य के दौरान फैक्ट्री में गिरने से उनकी हिप बोन में गंभीर फ्रैक्चर हो गया था। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वे निजी अस्पताल में महंगा इलाज कराने में असमर्थ थे।
उनके पास आयुष्मान कार्ड होने के कारण उन्होंने इलाज के लिए धनबाद के सदर अस्पताल का रुख किया। यहां ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. मुकेश प्रसाद से परामर्श लिया गया। जांच के बाद उन्होंने मरीज को टोटल हिप रिप्लेसमेंट सर्जरी की सलाह दी और आश्वस्त किया कि यह ऑपरेशन सदर अस्पताल में ही संभव है।
तत्पश्चात आज दिनांक 11 मार्च 2026 को सदर अस्पताल में डॉ. मुकेश प्रसाद (ऑर्थोपेडिक सर्जन) के नेतृत्व में, उनके सहयोगी डॉ. रवि खैतान तथा निश्चेतक विशेषज्ञ डॉ. आनंद के सहयोग से इस जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक सम्पन्न किया गया।
उपाधीक्षक ने बताया कि सदर अस्पताल के ऑर्थोपेडिक विभाग में इस प्रकार का यह पहला ऑपरेशन है। यह उपलब्धि अस्पताल प्रशासन, चिकित्सकों तथा समस्त स्वास्थ्यकर्मियों के संयुक्त प्रयासों से संभव हो पाई है।
गौरतलब है कि निजी अस्पतालों में इस प्रकार की सर्जरी पर लगभग दो लाख रुपये तक का खर्च आता है, जो मरीज की आर्थिक स्थिति के अनुसार संभव नहीं था। लेकिन आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से मरीज को यह अत्याधुनिक सर्जरी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।
सदर अस्पताल, धनबाद में लगातार स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है, ताकि आम जनता को बेहतर और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं सरकारी अस्पताल में ही उपलब्ध हो सकें।