बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में होली के दौरान हुए फायरिंग मामले में चार गिरफ्तार।

Share This News

धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया फुटबॉल ग्राउंड में होली के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद में फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें दो युवक गोली लगने से घायल हो गए। घायलों की पहचान विष्णु कुमार और पुष्पक कुमार के रूप में हुई है। दोनों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए सरायढेला स्थित एसएनएमएमसीएच अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस के अनुसार, होली का जश्न मनाने के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और फायरिंग में बदल गई। घायल विष्णु कुमार के फर्द बयान के आधार पर धनसार थाना में कांड संख्या 33/26 दर्ज किया गया, जबकि दूसरे पक्ष के आवेदन पर कांड संख्या 34/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अनिल यादव, अभिषेक ठाकुर उर्फ मांझी, कृष्णा कुमार उर्फ लल्ला शर्मा और आतिश शर्मा शामिल हैं।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विवाद के दौरान विकास लाला उर्फ विकास वर्मा ने देसी पिस्टल से फायरिंग की, जिससे विष्णु कुमार और पुष्पक कुमार घायल हो गए।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल और एक खोखा भी बरामद किया है। फिलहाल पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Leave a comment