धनबाद, 15 जनवरी 2025: हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति द्वारा दहेज रहित विवाह का आयोजन किया गया। इस बार समिति का यह 11वां साल था, और 101 जोड़ों का विवाह कराने का लक्ष्य रखा गया था, जिसमें 95 जोड़ों ने रजिस्ट्रेशन कराया। इन जोड़ों में 88 हिंदू, 6 ईसाई और 1 मुस्लिम जोड़े का विवाह उनके धर्म के रीति-रिवाजों के अनुसार किया गया।
समारोह की विशेषता रही कि सभी दूल्हों की बारात ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के बीच टोटो पर निकाली गई, जिससे पर्यावरण को बचाने का संदेश दिया गया। गोल्फ ग्राउंड में विशाल मंच तैयार किया गया, जहां एक साथ 95 जोड़ों का जयमाला हुआ। इस सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन 2014 में सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति के अध्यक्ष श्री प्रदीप कुमार सिंह ने शुरू किया था। अब तक समिति द्वारा 994 जोड़ों का विवाह कराया जा चुका है।
समिति की सदस्य जया सिंह ने इस आयोजन को सांस्कृतिक समागम का प्रतीक बताते हुए महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की। वहीं, किन्नर समाज की अध्यक्ष छम छम देवी ने 51,000 रुपये की सहयोग राशि समिति को दी। युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष कुमार गौरव और अन्य समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में दूल्हा-दुल्हन की धूमधाम से विदाई की गई, और सभी ने इस नेक कार्य के प्रति अपनी शुभकामनाएं दीं।