नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती पर बंगाली वेलफेयर सोसाइटी ने निकाली भव्य बाइक रैली

Share This News

धनबाद में शुक्रवार को बंगाली वेलफेयर सोसाइटी की ओर से नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 129वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर हीरापुर दुर्गा मंदिर प्रांगण से एक भव्य बाइक रैली निकाली गई, जिसमें सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए।

बाइक रैली दुर्गा मंदिर से शुरू होकर रणधीर वर्मा चौक, डीआरएम चौक, शहीद राजू चौक और श्रमिक चौक होते हुए नया बाजार स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक पहुंची। वहां उपस्थित लोगों ने नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

बंगाली वेलफेयर सोसाइटी के सचिव गोपाल भट्टाचार्य ने बताया कि बाइक रैली का उद्देश्य नेताजी सुभाष चंद्र बोस के विचारों और संदेश को आम लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि नेताजी पूर्ण स्वराज में विश्वास रखते थे और किसी भी तरह के समझौते या अधूरे प्रयास के पक्ष में नहीं थे। उन्होंने यह भी कहा कि भारत की आजादी में नेताजी और आजाद हिंद फौज की अहम भूमिका रही है।
गोपाल भट्टाचार्य ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करते हुए कहा कि नेताजी से जुड़े सभी दस्तावेज सार्वजनिक किए जाएं, 23 जनवरी को राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया जाए और मुखर्जी आयोग की रिपोर्ट को सदन में स्वीकार किया जाए।

इस मौके पर डीएसपी यातायात अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को नेताजी के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और समाज को बुराइयों से मुक्त करने में योगदान देना चाहिए। वहीं मेयर प्रत्याशी रवि बुंदेला और पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल ने भी नेताजी के योगदान को याद करते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी।

Leave a comment