धनबाद के सदर अस्पताल में आर्थिक रूप से कमजोर महिला के फाइब्रॉयड का आयुष्मान योजना के तहत निःशुल्क ऑपरेशन आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इसकी जानकारी देते हुए अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद ने बताया कि महुदा के ग्राम भूरूंगीया निवासी रेखा देवी (उम्र 44 वर्ष), पति श्री गिरीश रवानी, पिछले तीन वर्षों से अत्यधिक मासिक रक्तस्राव से परेशान थीं। स्थानीय चिकित्सक से जांच के बाद पता चला कि उनकी बच्चेदानी में गाँठ (फाइब्रॉयड) है और ऑपरेशन आवश्यक है।
निजी नर्सिंग होम में ऑपरेशन का खर्च ₹30 से 35 हज़ार बताया गया, जिसे वहन करना उनके लिए संभव नहीं था। महिला के पति एक शिक्षक है। आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने जिला परिषद की माननीय अध्यक्ष श्रीमती शारदा सिंह से मदद की गुहार लगाई। अध्यक्षा महोदया की सलाह पर मरीज को सदर अस्पताल लाया गया।
जहाँ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. संजीव कुमार प्रसाद से परामर्श के बाद आवश्यक जांच की गई और ऑपरेशन की तिथि निर्धारित की गई। तत्पश्चात आज डॉ. संजीव के नेतृत्व में, निश्चेतक डॉ. राज कुमार तथा ओटी असिस्टेंट मधुसूदन मरांडी एवं शशिकांत के सहयोग से ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया।