शनिवार को हिरापुर फुटपाथ विक्रेता संघ एवं झारखंड ई-रिक्शा टोटो यूनियन के सदस्यों ने बैभव सिन्हा के नेतृत्व में निरसा विधायक अरूप चटर्जी से उनके एलसी रोड स्थित कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान विधायक को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया ।
प्रतिनिधिमंडल ने दो टूक शब्दों में कहा कि धनबाद नगर निगम की घोर उदासीनता और मनमानी के कारण फुटपाथ विक्रेताओं का जीवन नारकीय बना गया है। नगर निगम द्वारा बनाए गए तथाकथित वेंडिंग जोन में न तो अप्रोच रोड है और न ही बुनियादी सुविधाएं—जिसके चलते विक्रेताओं को जबरन वहां भेजना अन्यायपूर्ण है। इससे भी गंभीर बात यह है कि हिरापुर में पंजीकृत सड़क विक्रेताओं के लिए बनी दुकानों का आवंटन नियमों को ताक पर रखकर अपात्र लोगों को किया जा रहा है। टाउन वेंडिंग कमेटी का गठन न चुनाव से हो रहा है और न ही मनोनयन, यह सीधा कानून और नीति का उल्लंघन है।
इसी तरह झारखंड ई-रिक्शा टोटो यूनियन ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि वर्षों से ई-रिक्शा स्टैंड और पार्किंग की मांग लंबित है, लेकिन जिला प्रशासन और नगर निगम आंख मूंदे बैठे हैं। धनबाद में 23,000 से अधिक पंजीकृत ई-रिक्शा होने के बावजूद पार्किंग की कोई व्यवस्था नहीं—नतीजतन यात्रियों और चालकों दोनों को रोज़ाना अव्यवस्था, जाम और उत्पीड़न झेलना पड़ रहा है। चालकों के साथ पुलिस द्वारा दुर्व्यवहार और हाथापाई की घटनाएं बर्दाश्त से बाहर हैं।
विधायक अरूप चटर्जी ने स्पष्ट कहा कि ये मांगें पूरी तरह जायज हैं और उनका समाधान तुरंत होना चाहिए। उन्होंने नगर आयुक्त एवं उपायुक्त, धनबाद से वार्ता कर दोनों संगठनों के प्रतिनिधिमंडल—जिनका नेतृत्व वे स्वयं तथा बैभव सिन्हा करेंगे—के साथ बैठक कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि यदि स्थानीय प्रशासन ने तत्काल ठोस कदम नहीं उठाए, तो इस मुद्दे को झारखंड विधानसभा में पूरी ताकत से उठाया जाएगा। ई-रिक्शा चालकों और फुटपाथ विक्रेताओं के साथ किसी भी कीमत पर अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मौके पर बैभव सिन्हा ने चेतावनी दी कि यदि निगम और प्रशासन का यही असंवेदनशील रवैया जारी रहा, तो आंदोलन के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। सरकार को बदनाम करने वाले और जनविरोधी आचरण करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए हर संवैधानिक और लोकतांत्रिक कदम उठाया जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से फुटपाथ विक्रेता संघ के उमेश कुमार, संतोष कुमार, धर्मेंद्र कुमार तथा ई-रिक्शा टोटो यूनियन के अनिल यादव, शैलेश कुमार, मंटू कुमार, निताई दा सहित बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित थे।