हजारीबाग (HAZARIBAGH):
ऑनलाइन एस्कॉर्ट सर्विस के नाम पर देश के विभिन्न हिस्सों में ठगी और सेक्सटॉर्शन को अंजाम देने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का हजारीबाग पुलिस ने पर्दाफाश किया है। विष्णुगढ़ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) बैजनाथ प्रसाद ने बताया कि इस मामले में विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र से छह साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जो लंबे समय से एक नेटवर्क के तहत सक्रिय थे।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी शाखा को प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। जांच के दौरान पता चला कि भेलवारा और आसपास के क्षेत्रों से संचालित यह गिरोह फर्जी वेबसाइटों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एस्कॉर्ट सर्विस के भ्रामक विज्ञापन पोस्ट करता था। जब कोई व्यक्ति संपर्क करता, तो उससे पहले ऑनलाइन भुगतान कराया जाता और बाद में उसकी निजी जानकारी का हवाला देकर ब्लैकमेल किया जाता था।
जांच में संदिग्ध मोबाइल नंबरों की लोकेशन एक ही इलाके में मिलने से पुलिस को ठोस सुराग मिले। हजारीबाग एसपी अंजनी अंजन के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने देर रात करीब एक बजे विष्णुगढ़–हजारीबाग मुख्य मार्ग पर इंटर कॉलेज के पास एक कार को रोका। कार में सवार छह युवकों की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पूछताछ करने पर पूरे गिरोह का खुलासा हो गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक कार, 12 मोबाइल फोन, 23 सिम कार्ड, 10 डेबिट कार्ड समेत कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों और इसके विस्तृत नेटवर्क की जांच की जा रही है।