रांची (RANCHI):
नववर्ष 2026 झारखंड कैडर के कई आईपीएस अधिकारियों के लिए आर्थिक रूप से राहत भरी शुरुआत लेकर आ रहा है। राज्य के 6 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को 1 जनवरी 2026 से सेलेक्शन ग्रेड (पे मैट्रिक्स लेवल-13) में पदोन्नति दी गई है। इस संबंध में गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।
जारी आदेश के अनुसार, हरिलाल चौहान, अंशुमान कुमार, प्रशांत आनंद और प्रियंका मीना को प्रोफार्मा प्रोन्नति प्रदान की गई है। यह पदोन्नति भारतीय पुलिस सेवा (वेतन) नियमावली 2016 के नियम 8(5) और 8(6) के अंतर्गत दी गई है।
वहीं, 2013 बैच के आईपीएस अधिकारी हृदीप पी. जनार्दनन और निधि द्विवेदी को नियमित पदोन्नति देते हुए सेलेक्शन ग्रेड वेतनमान में शामिल किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रोन्नति का अधिकारियों की वर्तमान पदस्थापना पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
वेतन निर्धारण को लेकर विकल्प
पदोन्नति प्राप्त सभी अधिकारी FR 22(1)(a)(2) के अंतर्गत यह विकल्प चुन सकते हैं कि उनका वेतन पुराने पद की अगली वार्षिक वेतन वृद्धि की तिथि से निर्धारित किया जाए। इसके लिए अधिकारियों को एक माह के भीतर अपना विकल्प प्रस्तुत करना होगा।
यह अधिसूचना झारखंड के राज्यपाल के आदेश पर अवर सचिव अजीत कुमार सिंह द्वारा जारी की गई है।