आसनसोल (ASANSOL):
पश्चिम बंगाल के आसनसोल रेलवे स्टेशन पर स्थित एभीटीएम टिकट मशीन के एक ऑपरेटर पर यात्रियों से दुर्व्यवहार और हिंसक व्यवहार करने का गंभीर आरोप सामने आया है। आसनसोल के चेली डंगाल निवासी संगीत पीटर ने बताया कि वह अपनी बहन को स्टेशन छोड़ने के लिए आए थे और जल्दबाजी में एभीटीएम मशीन से टिकट लेने पहुँचे थे।
संगीत पीटर के अनुसार, उन्होंने ऑपरेटर से हावड़ा जाने के लिए पूर्वा एक्सप्रेस का टिकट और एक प्लेटफॉर्म टिकट मांगा। इस दौरान ऑपरेटर ने प्लेटफॉर्म टिकट के लिए तय शुल्क से अधिक पैसे की मांग की। साथ ही यह भी कहा गया कि हावड़ा का टिकट नहीं मिलेगा और उन्हें 400 किलोमीटर का टिकट लेना होगा।
जब संगीत ने अपने मोबाइल में दिखाई दे रही जानकारी का हवाला देते हुए बताया कि हावड़ा की दूरी 200 किलोमीटर और किराया 95 रुपये दिख रहा है, तो विवाद और बढ़ गया। इसके बाद उन्होंने 400 किलोमीटर का टिकट देने के लिए सहमति जताई और टिकट कटने की प्रक्रिया का वीडियो अपने मोबाइल से रिकॉर्ड करना शुरू किया।
आरोप है कि जैसे ही वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू हुई, ऑपरेटर अचानक गुस्से में आ गया। उसने संगीत पीटर के साथ गाली-गलौज की, उनका मोबाइल फोन छीन लिया और जमीन पर पटककर तोड़ दिया। घटना के दौरान जब संगीत की बहन ने अपने मोबाइल से किसी को फोन कर मदद लेने की कोशिश की, तो आरोपी ऑपरेटर मौके से फरार हो गया।
पीड़ित संगीत पीटर ने बताया कि उनके साथ न केवल अभद्र व्यवहार किया गया, बल्कि सार्वजनिक रूप से अपमानित भी किया गया और उनका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। उन्होंने रेलवे प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।