धनबाद (सिंदरी):
जैसे-जैसे ठंड का असर बढ़ रहा है, वैसे-वैसे सिंदरी शहर में चोरी की घटनाएं भी तेजी से बढ़ने लगी हैं। गुरुवार की देर रात शहरपुरा स्थित मुख्य बाजार में अज्ञात चोरों ने एक के बाद एक 11 दुकानों के शटर और ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
शुक्रवार सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो उन्होंने ताले टूटे हुए पाए। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से व्यापारियों में भय का माहौल है और इसे पुलिस के लिए खुली चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।
अधिकांश दुकानदारों के अनुसार, चोरों ने दुकानों के गल्लों में रखी नकदी पर ही हाथ साफ किया है। सूचना मिलने पर सिंदरी थाना के एएसआई शैलेश कुमार मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।
जिन दुकानों में चोरी हुई, उनमें प्रमुख रूप से—
शांति क्लॉथ स्टोर (दुकान संख्या 2) के मालिक शिवकुमार गुप्ता,
मंडल वस्त्रालय के मदन मोहन मंडल,
भाई कलेक्शन के शिवकुमार,
भारत कुटीर उद्योग वस्त्रालय के हिरण प्रसाद,
रेडीमेड विक्रेता मधुसूदन सिंह,
रेडीमेड कपड़ा दुकान के सुरेश कुमार मंडल,
यूनिक स्टाइल गारमेंट के राकेश,
किरण वस्त्रालय के उमेश प्रसाद,
आर्टिफिशियल ज्वेलरी विक्रेता जीवन प्रसाद,
कादिर टेलर के मोहम्मद शब्बीर
और आरोही इंटरप्राइजेज (हार्डवेयर) के रोहन शामिल हैं।
घटना को लेकर सिंदरी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष दीपक कुमार दीपू ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि अपराधी बेखौफ होकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। उन्होंने सिंदरी में अतिरिक्त पुलिस बल और टाइगर फोर्स की तैनाती की मांग की। साथ ही व्यापारियों से भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की।
वहीं पूर्व पार्षद दिनेश सिंह ने कहा कि पहले बाजार की निगरानी के लिए चार चौकीदार तैनात थे, लेकिन वर्तमान में केवल एक चौकीदार के भरोसे पूरा बाजार छोड़ा गया है। उन्होंने बाजार में सीसीटीवी कैमरे लगाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की जरूरत बताई।
भाजपा कार्य समिति सदस्य विजय सिंह ने कहा कि पुलिस और व्यापारी आपसी तालमेल से ही बाजार की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकते हैं।
इधर उप्पल जनरल स्टोर के संचालक मनजीत सिंह उप्पल ने बताया कि व्यापारी आपसी सहमति से रात्रि प्रहरी की संख्या बढ़ाने को लेकर जल्द बैठक करेंगे। उनका कहना है कि यदि पुलिस सक्रिय भूमिका निभाए, तो ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकता है।