नई दिल्ली (NEW DELHI): पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की पहली पुण्यतिथि पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह ने देश की अर्थव्यवस्था को जिस मजबूत दिशा में आगे बढ़ाया, वही आज भारत की समृद्धि और विकास की आधारशिला बनी हुई है।
मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि डॉ. मनमोहन सिंह के राष्ट्र निर्माण में योगदान को देश हमेशा सम्मान के साथ याद करेगा। उन्होंने कहा कि एक दूरदर्शी और परिवर्तनकारी नेता के रूप में डॉ. सिंह ने आर्थिक सुधारों के जरिए भारत की दिशा बदली, जिससे लाखों लोगों को नए अवसर मिले और बड़ी संख्या में लोग गरीबी से बाहर निकले। अपनी सादगी, ईमानदारी और गहरी समझ के लिए पहचाने जाने वाले डॉ. सिंह ने संवेदनशीलता और गरिमा के साथ देश का नेतृत्व किया और यह सुनिश्चित किया कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
खरगे ने आगे कहा कि अधिकार-आधारित नीतियों पर आधारित डॉ. मनमोहन सिंह की सोच आज भी एक मजबूत और समावेशी भारत का उदाहरण है। उनकी ईमानदार सार्वजनिक सेवा और स्थायी सुधारों की विरासत आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देती रहेगी।
राहुल गांधी ने भी डॉ. मनमोहन सिंह को नमन करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व ने भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया। गरीबों और वंचितों के लिए किए गए उनके साहसिक और ऐतिहासिक फैसलों ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई। राहुल ने कहा कि डॉ. सिंह की विनम्रता, मेहनत और ईमानदारी सभी के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने संदेश में कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री, पूर्व वित्त मंत्री और रिजर्व बैंक के पूर्व गवर्नर रहे डॉ. मनमोहन सिंह समानता, साहस और गरिमा के प्रतीक थे। उन्होंने पूरे समर्पण के साथ देश की प्रगति के लिए काम किया। प्रियंका ने कहा कि उनकी सादगी, सत्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति निष्ठा हमेशा लोगों को प्रेरित करती रहेगी।