धनबाद (DHANBAD): सांसद खेल महोत्सव धनबाद का समापन गुरुवार को बाघमारा के ऐतिहासिक चिटाही खेल मैदान में शानदार रूप से किया गया। इस मौके पर युवा खिलाड़ी और कई वरिष्ठ नेता भारी संख्या में उपस्थित रहे।
खचा-खच भरे मैदान में धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो और धनबाद के भावी मेयर प्रत्याशी सावित्री देवी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, सांसद ढुल्लू महतो और अन्य अतिथियों ने किया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि जिस तरह भारत का नाम विश्व गुरु के आर्थिक क्षेत्र में चमक रहा है, उसी तरह खेलों में भी भारत विश्वस्तरीय मुकाम हासिल करे। सांसद ढुल्लू महतो ने प्रधानमंत्री के खेल के प्रति दृष्टिकोण की सराहना करते हुए झारखंड सरकार की खेलों के प्रति उदासीनता पर अपनी नाराजगी जताई।
कार्यक्रम में पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने भी अपने विचार साझा किए। समापन अवसर पर सभी विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान भाजपा झारखंड के संगठन मंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व खेल मंत्री अमर बाउरी, बीसीसीएल के सीएमडी, झरिया विधायक रागनी सिंह, भाजपा नेतृ तारा देवी, निरसा की पूर्व विधायक अर्पणा सेन गुप्ता, सिंदरी एसीसी प्लांट के जीएम और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।