मैथन डेम में पर्यटकों से ‘इंट्री फिश’ के नाम पर अवैध वसूली का आरोप

Share This News

मैथन (पश्चिम बंगाल): आसनसोल-बराबनी विधानसभा क्षेत्र के मैथन डेम घूमने आए पर्यटकों से माँ भवानी कंस्ट्रक्शन नामक संस्था अवैध रूप से इंट्री फिश के नाम पर पैसे वसूल रही है। जानकारी के अनुसार, बड़े बस से आने वालों से 250 रुपए, मिनी बस से 200 रुपए, चार पहिया वाहन से 150 रुपए और ऑटो या टोटो से 50 रुपए वसूले जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों और सलानपुर पंचायत समिति के अनुसार, इस टेंडर का उद्देश्य केवल पिकनिक प्लेस की सफाई, पानी, बिजली और पार्किंग व्यवस्था को बनाए रखना था। लेकिन संस्था ने इंट्री फिश के नाम पर अतिरिक्त शुल्क वसूलना शुरू कर दिया। पंचायत समिति ने साफ कहा कि वाहन चालकों से इस तरह की वसूली का कोई अधिकार नहीं है और मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

वहीं पिकनिक प्लेस की स्थितियों को लेकर भी शिकायतें सामने आई हैं। साफ-सफाई की कमी के कारण कई जगह कूड़े का अंबार जमा है। बिजली और पानी की भी उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पर्यटकों को परेशानी हो रही है। इसके अलावा नौकाओं की सेवाओं में भी लापरवाही देखी जा रही है। नौका चालक बिना जीवन रक्षक जैकेट के लोगों को नौका में बिठा रहे हैं, जिससे किसी भी बड़े हादसे की संभावना बनी हुई है।

इस पूरे मामले ने पर्यटन स्थल पर सुरक्षा और प्रशासनिक नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a comment