पीढ़ी दर पीढ़ी कर सकेंगे उपयोग
प्रभावित परिवारों को सुरक्षा देना और उनका जीवन बदलना टाउनशिप बनाने का मकसद
खुलेगा जन औषधि केंद्र और पोस्ट ऑफिस
माननीय मंत्री ने की उपायुक्त की प्रशंसा
सरलता से बनेंगे आवासीय, जाती सहित अन्य प्रमाण पत्र – उपायुक्त
हर समस्या का धीरे-धीरे हो रहा है समाधान – माननीय सांसद
पुनर्जीवित हुई है बेलगड़िया टाउनशिप – माननीय विधायक सिंदरी
रोजगार से जोड़ने के लिए बने बृहद योजना – माननीय विधायक झरिया
भारत सरकार के माननीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी किशन रेड्डी ने आज बेलगड़िया टाउनशिप का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित प्रशासनिक भवन तथा सोलर स्ट्रीट लाइट का उद्घाटन तथा फेज 6, 7 एवं 8 का शलान्यास किया। उन्होंने जेआरडीए द्वारा विकसित वेबसाइट एवं शिकायत निवारण केंद्र का अवलोकन किया। माननीय मंत्री ने स्वयं सहायता समूह तथा एसीआइसी (आईएसएम) फाउंडेशन द्वारा विकसित जुट एवं बांस हैंडीक्राफ्ट का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से वार्ता कर उनके सुझाव व समस्या सुनी तथा उसका दीर्घकालिन समाधान करने का भरोसा दिया।
अपने संबोधन के दौरान माननीय मंत्री ने कहा कि अब बेलगड़िया निवासियों को परमानेंट पट्टे पर फ्लैट मिलेगा। इसमें वे पीढ़ी दर पीढ़ी रह सकेंगे लेकिन फ्लैट को बेच नहीं सकेंगे।
उन्होंने कहा कि अग्नि प्रभावित क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर बसाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार चिंतित है और इस दिशा में लगातार जिला प्रशासन, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड तथा जेआरडीए के साथ मिलकर आगे बढ़ रही है और लोगों के हित में काम कर रही है। माननीय प्रधानमंत्री भी हर महीने इसकी समीक्षा करते हैं। प्रभावित परिवारों को सुरक्षा देना और उनका जीवन बदलना टाउनशिप बनाने का मकसद है।
इसी उद्देश्य से झरिया मास्टर प्लान 2.0 की कार्यप्रणाली तैयार की गई है। लोगों के सुझाव के आधार पर अलग-अलग योजनाएं तैयार की गई है।
माननीय मंत्री ने कहा कि टाउनशिप में साफ सफाई, बिजली, स्ट्रीट लाइट, स्कूल, पेयजल, मिल्क पार्लर, हॉस्पिटल, आंगनबाड़ी केंद्र, शॉपिंग कंपलेक्स, सामुदायिक भवन, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बैंक, पुलिस स्टेशन, पोस्ट ऑफिस, धार्मिक स्थल, निशुल्क परिवहन, जन औषधि केंद्र, कोचिंग सेंटर, जन वितरण प्रणाली दुकान, मैन्युफैक्चरिंग यूनिट, स्वयं सहायता समूह के लिए कार्यालय, छोटे और बड़े खेल के मैदान, स्वरोजगार के लिए कौशल प्रशिक्षण सहित कई दिशाओं में लगातार कार्य किया जा रहा है।
माननीय मंत्री ने टाउनशिप निवासियों को उनके मन की हर आशंका दूर करने तथा जो लोग अभी भी प्रभावित क्षेत्रों में रहते हैं उन्हें टाउनशिप में आने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
माननीय मंत्री ने कहा कि टाउनशिप निवासियों की हर समस्या दूर करने के लिए माननीय प्रधानमंत्री ने भी निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन भी प्रभावित परिवारों को अच्छा जीवन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
माननीय मंत्री के संबोधन से पहले उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि लंबे समय के बाद टाउनशिप में युद्ध स्तर पर सफाई अभियान चलाया गया। पानी की समस्या भी शीघ्र दूर होगी। लोगों की समस्या का निराकरण के लिए एक स्थाई प्रशासनिक ब्लॉक, शिकायत निवारण केंद्र तथा वरीय पुलिस अधीक्षक के सहयोग से टीओपी बनाई गई है।
उन्होंने कहा अब लोगों को बलियापुर थाना नहीं जाना पड़ेगा। कहा कि लोगों को पट्टे पर फ्लैट मिलने से आवासीय, जाती सहित अन्य प्रमाण पत्र बनाने में सरलता होगी। बेलगड़िया आने-जाने के लिए चार इलेक्ट्रिक बस निःशुल्क चलाई जा रही है। वहीं लोगों की सुविधा के लिए शॉपिंग कंपलेक्स बनाया गया है। जन वितरण प्रणाली व मिल्क पार्लर खोला गया है।
समारोह को माननीय सांसद धनबाद श्री ढुलू महतो, माननीय विधायक सिंदरी श्री चंद्रदेव महतो तथा माननीय विधायक झरिया श्रीमती रागिनी सिंह ने भी संबोधित किया।
माननीय सांसद ने कहा कि धनबाद के उपायुक्त एवं वरीय पुलिस अधीक्षक कर्मठ है। उनके सहयोग से टाउनशिप की हर समस्या का धीरे-धीरे समाधान हो रहा है। लोगों को हर जन सुविधा मिलेगी। माननीय प्रधानमंत्री एवं माननीय कोयला मंत्री ने भी इसे गंभीरता से लिया है। लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास चल रहा है। उन्होंने टाउनशिप में एक डिस्पेंसरी शुरू करने का आग्रह किया।
