Breaking News

अपर्णा पब्लिक स्कूल में विज्ञान और फोटोग्राफी प्रदर्शनी का भव्य आयोजन

Share This News

350 से अधिक तस्वीरों और 50 से ज्यादा विज्ञान मॉडलों ने मोहा दर्शकों का मन, विद्यार्थियों की प्रतिभा और नवाचार का दिखा अनूठा संगम

धनबाद: अपर्णा पब्लिक स्कूल में शनिवार को विज्ञान प्रदर्शनी, स्टेम एजुकेशन कार्यक्रम एवं फोटोग्राफी प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि के.के. सिंह एवं रेणु कौशल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच, नवाचार, तकनीकी कौशल और रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण फोटोग्राफी सेक्शन रहा, जिसकी थीम ‘नेचर थ्रू माई लेंस’ रखी गई थी। इसमें विद्यार्थियों ने अपने कैमरों से प्रकृति के विविध रंगों, खूबसूरत दृश्यों और उसके अनछुए पहलुओं को तस्वीरों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। वहीं एपीएस मेमोरीज गैलरी में विद्यालय से जुड़ी यादगार पलों को आकर्षक ढंग से संजोया गया था। 350 से अधिक तस्वीरों के इस संग्रह ने अभिभावकों और दर्शकों को खासा प्रभावित किया।
विज्ञान एवं स्टेम एजुकेशन प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने 50 से अधिक वर्किंग मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें लाइट फॉलोइंग और आरएफ मॉड्यूल रोबोट, आईओटी आधारित स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक, दृष्टिबाधित लोगों के लिए IR सेंसर युक्त स्मार्ट गॉगल्स, ऑटोमैटिक हैंड सैनिटाइजर और स्मार्ट किचन मॉड्यूल प्रमुख रहे। इसके अलावा चंद्रयान स्पेस शटल, टेस्ला कॉयल, स्मोक एवं फायर अलार्म और आयनिक क्लस्टर मॉडल ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों द्वारा किए गए लाइव ब्लड टेस्ट ने भी प्रदर्शनी को विशेष पहचान दी।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के.के. सिंह ने विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों ने अपनी मेहनत और कल्पनाशीलता से विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में शानदार संभावनाओं का परिचय दिया है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि विज्ञान प्रयोगशाला के माध्यम से बच्चों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्राप्त होता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास और वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के साथ उनकी छिपी प्रतिभा को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों के मॉडल और तस्वीरों की सराहना की तथा उनका उत्साहवर्धन किया। पूरे आयोजन में बच्चों की प्रतिभा, तकनीकी समझ और रचनात्मक सोच की झलक देखने को मिली।

Leave a comment