उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री आदित्य रंजन ने आज बंदोबस्ती कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रिकॉर्ड रूम का विस्तृत जायजा लिया तथा वहां संधारित खतीयान, विभिन्न महत्वपूर्ण दस्तावेजों एवं पंजियों की जांच की। उन्होंने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव एवं रिकॉर्ड रूम में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित पदाधिकारियों को कई दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने रिकॉर्ड रूम की खिड़की को बंद कराने तथा अभिलेखों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड रूम में रखी सभी फाइलों एवं दस्तावेजों का उचित वर्गीकरण एवं व्यवस्थित संधारण होना चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर संबंधित अभिलेख आसानी से उपलब्ध हो सकें। इसके लिए वर्तमान अलमारियों को हटाकर व्यवस्थित रैक लगाने का कार्य कराने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने खतीयान एवं अन्य अभिलेखों के अद्यतीकरण (अपडेशन) के कार्य की समीक्षा करते हुए इसे शीघ्र पूरा करने तथा खतीयान को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया। साथ ही रजिस्टर अद्यतीकरण का कार्य हर हाल में 20 दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने को कहा।
उन्होंने संबंधित लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त कार्यालय में लंबित अन्य मामलों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित मामलों का निष्पादन फरवरी 2027 तक सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि लंबित मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कार्यालय परिसर में निर्माणाधीन हॉल का भी जायजा लिया तथा निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही सभी कमरों के बाहर उनके नाम एवं उपयोग से संबंधित नेमप्लेट (नॉमेनक्लेचर) लगाने का निर्देश दिया, ताकि कार्यालय में कार्यों का संचालन एवं अभिलेखों की पहचान सुगम हो सके।
इस अवसर पर एडीएम लॉ एंड ऑर्डर श्री अरविंद कुमार ओझा, प्रभारी बंदोबस्ती कार्यालय श्रीमती हेमा प्रसाद, अपर समाहर्ता श्री प्रदीप कुमार शुक्ला समेत बंदोबस्ती कार्यालय के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।