महाप्रबंधक ने स्टेशनों का निरीक्षण कर छठ पर्व पर की गयी व्यवस्थाओं का लिया जायजा

Share This News

विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधा के लिए बनाए गए होल्डिंग एरिया का निरीक्षण कर उपलब्ध यात्री सुविधाओं का किया मुआयना

हाजीपुर -18.11.2026

महाप्रबंधक श्री डिम्पी गर्ग ने आज छठ पर्व के उपरांत यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ के मद्देनजर बापूधाम मोतिहारी, बेतिया, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी आदि स्टेशनों का निरीक्षण कर यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा के मद्देनजर की गयी व्यवस्थाओं का जायजा लिया । महाप्रबंधक ने स्टेशनों पर बनाए गए होल्डिंग एरिया का भी निरीक्षण किया तथा उपलब्ध यात्री सुविधाओं का मुआयना किया ।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर, यात्री आवागमन, भीड़ प्रबंधन, होल्डिंग एरिया, पेयजल, साफ-सफाई एवं अन्य यात्री सुविधाओं का निरीक्षण कर ट्रेनों एवं स्टेशनों पर सभी आवश्यक सुविधाओं की निरंतरता को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया । इसी क्रम में महाप्रबंधक श्री डिम्पी गर्ग द्वारा यात्री सुविधा/सुरक्षा तथा संरक्षा पर विशेष बल देते हुए इसके प्रति हमेशा चौकसी बरतते रहने का निर्देश दिया ।

विदित हो कि यात्रियों की सुविधा हेतु पूर्व मध्य रेल द्वारा यात्री सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन, संरक्षा एवं सुचारू रेल परिचालन को लेकर व्यापक तैयारियां की गयी हैं। इसी क्रम में अतिरिक्त यात्री सुविधाएं प्रदान करने एवं भीड़ प्रबंधन के मद्देनजर प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों के ठहराव हेतु होल्डिंग एरिया का निर्माण किया गया है । यहां यात्रियों को ट्रेन के आगमन एवं प्लेटफार्म पर प्रवेश से पूर्व व्यवस्थित रूप से ठहराया जा रहा है । होल्डिंग एरिया से स्टेशन भवन एवं प्लेटफॉर्म तक यात्रियों की सुगम आवाजाही के लिए पर्याप्त प्रबंध किए गए हैं ।

आरपीएफ एवं अन्य रेलकर्मियों द्वारा होल्डिंग एरिया से प्लेटफॉर्म तक यात्रियों की आवाजाही को फुट ओवरब्रिज के माध्यम से नियंत्रित किया जा रहा है। होल्डिंग एरिया में टिकट के लिए अस्थायी व्यवस्था, पर्याप्त पेयजल, अस्थायी शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, प्राथमिक उपचार की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल टीम की तैनाती की गयी है । भीड़भाड़ वाले स्टेशनों के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों एवं रिकॉर्डिंग सिस्टम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है । स्टेशनों पर वार रूम/कंट्रोल रूम के माध्यम से परिचालन, वाणिज्य एवं सुरक्षा संबंधी गतिविधियों की निगरानी की भी व्यवस्था की गयी है ।

आज के महाप्रबंधक के निरीक्षण के दौरान समस्तीपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री ज्योति प्रकाश मिश्रा अन्य अधिकारियों के साथ उपस्थित थे ।

Leave a comment