Breaking News

जयनगर में खुला आधुनिक शिक्षा का द्वार,विधायक चंद्रदेव महतो ने किया ब्लूमिंग बड्स स्कूल का उद्घाटन।

Share This News

धनबाद। गोविंदपुर प्रखंड के जयनगर पंचायत में शिक्षा के क्षेत्र में बुधवार को नया आयाम जुड़ गया। जयनगर स्थित बैजनाथ विहार कॉलोनी में नवनिर्मित ब्लूमिंग बड्स स्कूल का भव्य उद्घाटन समारोह धूमधाम से संपन्न हुआ। मां लिलोरी पीठ के समीप बने इस आधुनिक स्कूल का उद्घाटन सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर किया।

शिक्षा से ही होगा क्षेत्र का विकास – विधायक चंद्रदेव

समारोह को संबोधित करते हुए विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि शिक्षा ही विकास की असली नींव है। जयनगर जैसे ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण स्कूल का खुलना क्षेत्र के बच्चों के लिए वरदान साबित होगा। अब अभिभावकों को अपने बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने स्कूल प्रबंधन को बधाई देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

विशेष अतिथियों का सम्मान…..

समारोह में लालमणि वृद्धा आश्रम के सदस्यों को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया था। स्कूल परिवार की ओर से उन्हें अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। पूरे परिसर को गुब्बारों और फूलों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। बच्चों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत ने सभी का मन मोह लिया।

संस्कार के साथ आधुनिक शिक्षा का संकल्प- निदेशक

स्कूल के निदेशक सिकंदर चौहान ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं है, बल्कि बच्चों का सर्वांगीण विकास करना है।यहां स्मार्ट क्लास,खेल का मैदान,सुरक्षित परिसर और अनुभवी शिक्षकों की व्यवस्था की गई है। हम बच्चों को आधुनिकता के साथ-साथ संस्कारयुक्त शिक्षा देंगे।

ये रहे मौजूद…..

इस अवसर पर बच्चन चौहान, विश्वनाथ चौहान,गोपाल महतो, विकाश विश्वकर्मा,राजन विश्वकर्मा, अशोक यादव,जितेंद्र चौहान, संजय गुप्ता,संजय महतो,श्याम चौहान सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, अभिभावक और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a comment