आईआईटी आईएसएम में दो दिवसीय स्टॉल के माध्यम से दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को मिला नया मंच

Share This News

धनबाद:नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित विशेष दिव्यांग स्कूल पहला कदम की ओर से आईआईटी आईएसएम, धनबाद में दो दिवसीय आकर्षक स्टॉल लगाया गया।

इस स्टॉल में पहला कदम के दिव्यांग बच्चों द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए विभिन्न आकर्षक एवं हस्तनिर्मित उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। इनमें सुंदर मिट्टी के दीये, तोरण, सजावटी कैंडल, फ्लोटिंग कैंडल सहित कई प्रकार की आकर्षक सजावटी वस्तुएँ शामिल थीं।

दो दिनों तक चले इस स्टॉल में आईआईटी आईएसएम के विद्यार्थियों , शिक्षकों एवं अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। लोगों ने बच्चों द्वारा बनाए गए उत्पादों को खूब पसंद किया और उन्हें खरीदकर बच्चों का उत्साहवर्धन किया। लोगों की इस पहल का उद्देश्य केवल उत्पादों की खरीदारी करना ही नहीं, बल्कि बच्चों की मेहनत, हुनर और आत्मविश्वास को सम्मान देना भी था।

इस अवसर पर स्कूल की सचिव अनीता अग्रवाल ने कहा कि दिव्यांग बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो बस उन्हें सही मार्गदर्शन, अवसर और प्रोत्साहन देने की। निरंतर प्रयास है कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ विभिन्न प्रकार के हुनर सिखाए जाएँ, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर बन सकें।

उन्होंने आगे कहा कि जब समाज बच्चों के हाथों से बनी वस्तुओं को सम्मान देता है और उन्हें प्रोत्साहित करता है, तो इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है तथा उन्हें आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलती है। उन्होंने दो दिवसीय स्टॉल में आकर बच्चों के बनाए उत्पादों को खरीदने और उनका उत्साह बढ़ाने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

दिव्यांग बच्चों की छिपी प्रतिभा को पहचान दिलाने, उनके कौशल को नया मंच प्रदान करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर एवं स्वावलंबी बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।

Leave a comment