धनबाद: 01.11.26
पूर्व मध्य रेल के धनबाद मंडल में आज सस्टेनेबल लाइफस्टाइल वीक-2026’ (सतत जीवनशैली सप्ताह) का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, बेहतर स्वास्थ्य एवं सतत जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों पर जागरूकता संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत धनबाद मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से विशेष घोषणाएं कर यात्रियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, एकल उपयोग प्लास्टिक (सिंगल यूज प्लास्टिक) से परहेज करने, जल संरक्षण तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों एवं फिटनेस के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही, रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने तथा तनावमुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडल के प्रमुख स्टेशनों पर विशेष योग सत्रों का आयोजन किया गया, जिसमें योग विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में रेलकर्मियों ने विभिन्न योगासनों एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। इस पहल के माध्यम से रेल यात्रियों एवं रेलकर्मियों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा दैनिक जीवन में सतत जीवनशैली को आत्मसात करने का संदेश दिया गया।