धनबाद के खिलाड़ियों को मिली नई सौगात, एथलेटिक्स एवं आर्चरी की खेल सामग्री का लोकार्पण

Share This News

उपायुक्त ने खिलाड़ियों की जरूरत के अनुरूप आधारभूत संरचना विकसित करने पर दिया जोर

धनबाद:धनबाद के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण एवं खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। बुधवार को एथलेटिक्स एवं आर्चरी के खिलाड़ियों के लिए आवश्यक खेल सामग्रियों का लोकार्पण स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया गया। नई खेल सामग्री उपलब्ध होने से खिलाड़ियों को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा अपने खेल कौशल को और बेहतर करने में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बरंगे, जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा सहित विभिन्न खेलों के प्रशिक्षक एवं खिलाड़ी उपस्थित रहे।

खिलाड़ियों से मांगे गए आधारभूत संरचना संबंधी प्रस्ताव

कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आदित्य रंजन ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों से जिले में खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना एवं संसाधनों से संबंधित प्रस्ताव मांगे। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को खिलाड़ियों की आवश्यकता के अनुरूप आवश्यक आधारभूत संरचना एवं खेल सामग्रियों की उपलब्धता से संबंधित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को उपलब्ध कराई गई खेल सामग्रियों का बेहतर एवं अधिकतम उपयोग करते हुए नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के माध्यम से खिलाड़ी जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

इस अवसर पर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने भी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने उपलब्ध कराई गई खेल सामग्रियों का बेहतर एवं प्रभावी उपयोग करते हुए प्रशिक्षण को और मजबूत करने की अपील की। उन्होंने खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को उनकी आगामी खेल गतिविधियों एवं प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की कामना की।

कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों ने भी खिलाड़ियों एवं प्रशिक्षकों को निरंतर मेहनत, अनुशासन एवं समर्पण के साथ प्रशिक्षण जारी रखने के लिए प्रेरित किया।

जिला प्रशासन द्वारा खेल प्रतिभाओं को आवश्यक संसाधन एवं बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों के क्रम में एथलेटिक्स एवं आर्चरी की खेल सामग्रियों का यह लोकार्पण महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। खिलाड़ियों की आवश्यकता के अनुरूप आधारभूत संरचना विकसित होने से जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए और बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।

Leave a comment