Breaking News

भक्तिमय माहौल में निकला नया बाजार सार्वजनिन दुर्गा पूजा समिति का विसर्जन जुलूस

Share This News

ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच नम आंखों से मां दुर्गा को दी गई विदाई, प्राचीन महादेव मंदिर की थीम पर बना पंडाल बना आकर्षण का केंद्र

धनबाद: विजयादशमी के साथ नवरात्रि उत्सव के समापन के बाद मां दुर्गा की प्रतिमाओं के विसर्जन का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में नया बाजार सार्वजनिन दुर्गा पूजा समिति की ओर से भक्तिमय माहौल में भव्य विसर्जन जुलूस निकाला गया। ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे की धुन पर मां दुर्गा के जयकारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से मां दुर्गा को विदाई दी और अगले वर्ष फिर आने की कामना की।
विसर्जन जुलूस में समिति के पदाधिकारी, सदस्य और स्थानीय श्रद्धालु शामिल हुए। मां दुर्गा की प्रतिमा के साथ निकली शोभायात्रा में भक्तों का उत्साह देखते ही बना। जय माता दी के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने मां के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी।
इस अवसर पर समिति के सचिव राजेश्वर सिंह यादव ने कहा कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों के सहयोग से दुर्गा पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस वर्ष पंडाल को प्राचीन महादेव मंदिर की थीम पर तैयार किया गया था, जिसे श्रद्धालुओं ने खूब पसंद किया।
उन्होंने बताया कि पूजा के दौरान आयोजित तीन दिवसीय भव्य भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और मां का आशीर्वाद प्राप्त किया। राजेश्वर सिंह यादव ने दुर्गा पूजा के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले समिति के सभी सदस्यों, स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a comment