हाजीपुर – 15.10.2026
स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, स्वच्छ कार्य संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा स्वच्छता अभियान में सहभागी व्यक्तियों के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से आज कॉन्फ्रेंस हॉल, महाप्रबंधक कार्यालय, हाजीपुर में स्वच्छता पखवाड़ा–2026 के अंतर्गत पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री अमरेंद्र कुमार अपर महाप्रबंधक ने की तथा श्री जनार्दन प्रसाद, CEnHM मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न गतिविधियों एवं उनके परिणामों की समीक्षा की गई। इस अवसर पर कार्यालय स्वच्छता प्रतियोगिता, विद्यालय के बच्चों के लिए निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता तथा सफाई मित्रों के सम्मान से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यालय स्वच्छता प्रतियोगिता – कार्यालय स्वच्छता प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन विभागों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता में प्रशासन विभाग ने प्रथम स्थान, यांत्रिक विभाग ने द्वितीय स्थान तथा इंजीनियरिंग विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता विभागों के प्रतिनिधियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके प्रयासों की सराहना की गई। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य कार्यालय परिसर में स्वच्छता, सुव्यवस्था एवं स्वच्छ कार्यस्थल की संस्कृति को बढ़ावा देना था।
विद्यालय के बच्चों को किया गया प्रोत्साहित – स्वच्छता के प्रति बच्चों में जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अतिरिक्त, पाँच बच्चों को सांत्वना पुरस्कार देकर उनकी सहभागिता एवं रचनात्मकता को प्रोत्साहित किया गया। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को स्वच्छता के महत्व, पर्यावरण संरक्षण तथा अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।
25 सफाई मित्रों को किया गया सम्मानित – कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले 25 सफाई मित्रों को अपर महाप्रबंधक महोदय द्वारा सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से सफाई मित्रों के योगदान के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया। साथ ही, जूट बैग के वितरण द्वारा पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों को अपनाने तथा प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश भी दिया गया।
स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर – कार्यक्रम में स्वच्छता को केवल एक अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे दैनिक जीवन एवं कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। स्वच्छ कार्यालय, स्वच्छ परिसर और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। समारोह के अंत में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, प्रतियोगिता के प्रतिभागियों, विद्यालय के बच्चों तथा सफाई मित्रों के योगदान की सराहना की गई।