अजय सहयोग फाउंडेशन के डांडिया संग नवरात्रि उत्सव में उमड़ा जनसैलाब, माँ की आरती और कन्या पूजन से भक्तिमय हुआ माहौल

Share This News

धनबाद। अजय सहयोग फाउंडेशन की ओर से डांडिया संग नवरात्रि उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माँ दुर्गा का सुंदर दरबार सजाया गया, जहाँ माँ की आरती, नवकन्या पूजन तथा नारी शक्ति के सम्मान के साथ उत्सव को भक्तिमय बनाया गया। इस आयोजन में 201 से अधिक महिलाओं, बच्चियों, बच्चों एवं पुरुषों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेवी श्री कुंभनाथ सिंह जी एवं उनकी धर्मपत्नी श्रीमती जया सिंह,डॉ. सी. बी. मेहता एवं श्रीमती दीपमाला मेहता , श्री सुरेश कुमार , श्वेता किन्नर तथा शक्ति मंदिर के वरिष्ठ श्री सुरेंद्र ठक्कर जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों के साथ अजय सहयोग फाउंडेशन की अध्यक्ष नीतू तिवारी के पूरे सदस्य भी कार्यक्रम में शामिल हुईं।
माँ दुर्गा की आरती और नवकन्या पूजन के पश्चात महिलाओं को नवशक्ति के नौ रूपों का प्रतीक मानते हुए सम्मानित किया गया तथा उनके लिए भोजन की व्यवस्था की गई। इसके बाद उपस्थित महिलाओं, बच्चियों और अन्य प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ डांडिया नृत्य किया। माँ की भक्ति, संगीत और डांडिया की ताल पर पूरा वातावरण आनंदमय एवं भक्तिमय हो उठा।
फाउंडेशन की अध्यक्ष नीतू तिवारी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना ही नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण, नारी सम्मान, सामाजिक एकता और समाज सेवा को बढ़ावा देना भी है। ऐसे आयोजन महिलाओं को एक मंच प्रदान करते हैं, जहाँ वे अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी सहयोग और एकता का संदेश भी देती हैं।
उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रायोजकों, सदस्यों एवं धनबादवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से यह आयोजन यादगार बना तथा भविष्य में भी अजय सहयोग फाउंडेशन समाज सेवा और महिला सशक्तिकरण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाता रहेगा।

Leave a comment