बांकुड़ा-धनबाद ट्रेन से गिरकर 10 वर्षीय बच्चे की मौत, पहचान नहीं

Share This News

बांकुड़ा से धनबाद आने वाली ट्रेन से गिरकर सोमवार को 10 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने उसे रेलवे ट्रैक के पास पड़ा देखा और आरपीएफ को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीण बच्चे को लेकर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चे की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।

घटना सुरंगा-पहाड़ीगोड़ा के पास पोल संख्या 10, P7/P6 के नजदीक की है। स्थानीय निवासी रंजीत कुंभकार ने बताया कि रेलवे ट्रैक के पास बच्चा गिरा हुआ दिखाई दिया था। इसके बाद आसपास के लोगों ने जानकारी जुटाई तो पता चला कि बच्चा बांकुड़ा से धनबाद आने वाली ट्रेन से गिरा है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना आरपीएफ को दी।

रंजीत कुंभकार के अनुसार, आरपीएफ के पहुंचने में देरी होने पर ग्रामीणों ने बच्चे को अस्पताल पहुंचाने का फैसला किया। वे आनन-फानन में उसे लेकर शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे। हालांकि, डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने बताया कि बच्चा आसपास के इलाके का रहने वाला नहीं लग रहा था।

आरपीएफ और पुलिस संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। पुलिस बच्चे की पहचान करने और उसके परिजनों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चा कहां का रहने वाला था और किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरा।

कुसुम न्यूज़ से कुमार की रिपोर्ट

Leave a comment